Bharat Express DD Free Dish

‘कांग्रेस की ‘मोहब्बत की दुकान’ में हो रहा भ्रष्टाचार का कारोबार’- BJP सांसद बांसुरी स्वराज का राहुल गांधी पर तीखा हमला

बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ और हिमाचल में हुए भर्ती घोटालों का हवाला देते हुए राहुल की चुप्पी पर सवाल उठाए.

BJP MP Bansuri Swaraj Slams Rahul Gandhi Over Congress Recruitment Scams Bharat Express

भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सांसद बांसुरी स्वराज ने कांग्रेस पार्टी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर करारा जुबानी हमला बोला है. दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तथाकथित ‘मोहब्बत की दुकान’ असल में भ्रष्टाचार का कारोबार चला रही है.

बांसुरी स्वराज ने सीधे राहुल गांधी से सवाल किया कि एक तरफ वे युवाओं और छात्रों के हक की बात करते हैं, लेकिन जब उनकी ही पार्टी के नेता छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करते हैं, तो वे चुप्पी क्यों साध लेते हैं?

उत्तराखंड से छत्तीसगढ़ तक भर्ती घोटालों का जिक्र

बांसुरी स्वराज ने कांग्रेस शासित और पूर्व कांग्रेस सरकारों के दौरान हुए कथित भर्ती घोटालों को सामने रख सवाल खड़ें किए.

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के पूर्व और वर्तमान PA के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी में अकूत बेनामी संपत्ति मिली है. इससे कांग्रेस के शासनकाल की निष्पक्ष भर्ती प्रक्रियाओं पर बड़ा सवाल खड़ा होता है.

वहीं, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पूर्व ओएसडी (OSD) को CGPSC परीक्षा में पेपर लीक और भर्ती धांधली के मामले में ईडी द्वारा गिरफ्तार किया गया है, जो बेहद गंभीर मामला है.

इतना ही नहीं, हिमाचल प्रदेश में आउटसोर्स भर्तियों में रिश्वतखोरी और ‘कट मनी’ का मामला सामने आया है, जिसमें कांग्रेस के एक बड़े नेता के बेटे पर सीधा आरोप लगा है.

‘युवाओं के भविष्य पर चुप क्यों राहुल?’

बीजेपी सांसद ने कहा कि जब बात अपनी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को राजनीतिक संरक्षण देने की आती है, तो राहुल गांधी का दोहरा रवैया उजागर हो जाता है. उन्होंने सवाल दागा कि देश भर के युवाओं के रोजगार और सुनहरे भविष्य पर लंबे-चौड़े भाषण देने वाले राहुल गांधी अपनी पार्टी के इन घोटालों पर मुंह क्यों नहीं खोलते?

यह भी पढ़ें: पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए वैश्विक मंच पर मजबूत आवाज के तौर पर उभर रहा- उपराष्ट्रपति

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read