यूपी से ये जाएंगे राज्यसभा, आ गई लिस्ट
BJP Rajya Sabha Candidates: भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में 16 अक्टूबर को होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है. 10 सीटों के लिए होने वाले मतदान के लिए बीजेपी ने धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, श्रुति गंगवार सहित कुल 8 लोगों को उम्मीदवार बनाया है.
उत्तर प्रदेश राज्यसभा चुनाव के लिए कल मंगलवार को नामांकन का अंतिम दिन है. बताया जा रहा है कि भाजपा ने पहले ही अपने प्रत्याशियों के लिए नामांकन पत्र खरीदकर रख लिया है.
इस लिस्ट में भारतीय जनता पार्टी ने क्षेत्रीय, जातीय और राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखकर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है. इसमें ब्राह्मण, राजपूत, ओबीसी और एससी-एसटी वर्गों को टिकट दिया गया है.

बीजेपी ने इनको बनाया है उम्मीदवार
- धर्मपाल सिंह
- राधाकांत ओझा
- प्रकाश पाल
- विद्यासागर सोनकर
- गोपी कृष्णा पांडेय
- प्रियंका सिंह रावत
- राम प्रताप सिंह चौहान
- श्रुति गंगवार
सामान्य वर्ग से 2 ब्राह्मण और 1 राजपूत उम्मीदवार
बीजेपी की सूची में 3 OBC, 2 SC और 3 सामान्य वर्ग के उम्मीदवार शामिल हैं. इन उम्मीदवारों में 2 महिलाएं भी शामिल हैं. सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों में 2 ब्राह्मण और 1 राजपूत शामिल हैं.
वहीं OBC वर्ग में 1 लोधी, 1 पाल और 1 कुर्मी चेहरे को मौका मिला है. धर्मपाल सिंह लोधी समाज से आते हैं और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं. बताया जा रहा है कि उम्मीदवारों के चयन में जातीय और सामाजिक प्रतिनिधित्व का मिश्रण है. यूपी में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले राज्यसभा उम्मीदवारों की सामाजिक संरचना को अहम माना जा रहा है.
अबतक दावा किया जा रहा था कि भाजपा उत्तर प्रदेश से हरदीप सिंह पुरी, वरुण गांधी, संजीव बालियान, स्मृति इरानी सहित कई प्रमुख लोगों को राज्यसभा भेज सकती है, लेकिन अब जारी लिस्ट में बीजेपी ने किसी भी चर्चित नामों को तवज्जो नहीं दी है.
विधानसभा में बीजेपी के पास ये है संख्या बल
यूपी विधानसभा में भाजपा के कुल 255 विधायक हैं. भाजपा के सहयोगी दलों में RLD के 9, अपना दल (सोनेलाल) के 13, सुहलदेव भारतीय समाज पार्टी के 6 और निषाद पार्टी के कुल 5 विधायक हैं. वहीं विपक्ष में समाजवादी पार्टी के 101 विधायक हैं. जबकि राजा भैया की पार्टी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के 2 और कांग्रेस के 2 विधायक हैं. इस समय उत्तर प्रदेश की कुल 7 विधानसभा सीटें खाली हैं, जिसमें हाल ही में दिवंगत हुए बलिया के रसड़ा सीट से विधायक उमाशंकर सिंह की सीट भी शामिल है.
निर्वाचन आयोग के अनुसार राज्यसभा के लिए नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर घोषित किया गया है. 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 9 अक्टूबर तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकते हैं. यूपी राज्यसभा के 10 सीटों के लिए 16 अक्टूबर को मतदान होगा और उसी दिन मतों की गणना भी संपन्न की जाएगी.
खत्म हो रहा इनका कार्यकाल
उत्तर प्रदेश से राज्यसभा गए 10 उम्मीदवारों का कार्यकाल 25 नवंबर को खत्म हो रहा है. इनमें समाजवादी पार्टी से लेकर बजेपी और बसपा के नेता शामिल हैं.
ये भी पढ़ें- दवाओं की खरीद में कीमतों का खेल? दूसरे राज्यों से तुलना में झारखंड की दरों पर उठे गंभीर सवाल
समाजवादी पार्टी से प्रोफेसर राम गोपाल यादव का कार्यकाल खत्म हो रहा है. वहीं भाजपा से अरुण सिंह, बीएम वर्मा, गीता शाक्य, सीमा द्विवेदी, नीरज शेखर, बृजलाल, डॉ. दिनेश शर्मा औऱ हरदीप सिंह पुरी शामिल हैं. वहीं बसपा के राम जी गौतम का भी 25 नवंबर से कार्यकाल समाप्त हो रहा है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


