Barh Shopkeeper Shot: रवि शंकर शर्मा/ बाढ़: बिहार (Bihar) में अपराधियों के मन से कानून का खौफ किस कदर खत्म हो चुका है, इसकी एक बानगी पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में देखने को मिली. यहां के पंडारक थाना इलाके में बदमाशों ने महज 300 रुपये के मामूली विवाद में एक दुकानदार के ऊपर गोलियां बरसा दी. मामला लेमुआबाद गांव का है, जहां एक जनरल स्टोर चलाने वाले शख्स को अपनी ईमानदारी और मेहनत के पैसे मांगना बहुत महंगा पड़ गया.
क्या है पूरा मामला?
घटना के वक्त लेमुआबाद निवासी जवाहर साह अपनी दुकान पर रोज की तरह ग्राहकों का इंतजार कर रहे थे. तभी गांव के ही तीन युवक सामान खरीदने के लिए उनकी दुकान पर पहुँचे. उन्होंने कुछ जरूरी सामान लिया, जिसका कुल बिल 300 रुपये बना. जैसे ही दुकानदार जवाहर साह ने इन पैसों की मांग की, युवकों के तेवर बदल गए. उन्होंने न सिर्फ पैसे देने से मना किया, बल्कि दुकानदार के साथ बदतमीजी और गाली-गलौज भी शुरू कर दी.
हैरानी की बात तो यह है कि मामला सिर्फ बहस तक सीमित नहीं रहा. विवाद बढ़ता देख बदमाशों ने आपा खो दिया और हथियार निकालकर फायरिंग कर दी. अपराधियों की एक गोली सीधे जवाहर साह के हाथ में जा लगी. गोली लगते ही वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े.
लूटपाट कर हुए फरार
दुकानदार का आरोप है कि हमलावरों का मकसद सिर्फ उन्हें डराना नहीं था. गोली मारने के बाद बदमाशों ने दुकान के काउंटर में रखे करीब 10,000 रुपये भी लूट लिए और मौके से रफूचक्कर हो गए. गोली चलने की आवाज सुनकर जब तक आसपास के लोग और ग्रामीण मदद के लिए दौड़ते, तब तक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग चुके थे.
परिजनों ने आनन-फानन में घायल जवाहर साह को बाढ़ के अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया. जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें PMCH रेफर कर दिया है.
पुलिस की कार्रवाई
इस घटना के दौरान पास ही खड़े मुखिया प्रतिनिधि सुमित कुमार ने बताया कि हमलावर बेखौफ होकर आए थे. उन्होंने सरेआम इस वारदात को अंजाम दिया. उनके अनुसार, गांव के ही एक युवक की पहचान कर ली गई है.
उधर, पंडारक थाना अध्यक्ष नवनीत राय ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी गांव के ही रहने वाले हैं. पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

