Bharat Express DD Free Dish

“जो नहीं भागे, उन्हें तीन महीने में भगा देंगे”… अपराधियों पर सम्राट चौधरी का सख्त संदेश, लालू यादव पर भी निशाना

Bihar News: पटना में आयोजित कार्यक्रम में बिहार के उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जो अपराधी अब भी राज्य में बचे हैं, उन्हें तीन महीने के भीतर बाहर कर दिया जाएगा.

Bihar News: उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री सम्राट चौधरी सोमवार को पटना स्थित श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे. यह आयोजन पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय जय नारायण निषाद की सातवीं पुण्यतिथि पर किया गया था. इस मौके पर उन्होंने अपराधियों को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाया और साफ कहा कि जो अपराधी अब भी राज्य में बचे हैं, उन्हें तीन महीने के भीतर बाहर कर दिया जाएगा.

अपराधियों को चेतावनी

गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालने के बाद से ही सम्राट चौधरी लगातार एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि कई अपराधी पहले ही बिहार छोड़ चुके हैं और जो अब भी सक्रिय हैं, उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा,

“जिस तरह राज्य में सफाई अभियान चलता है, उसी तरह अपराधियों की भी सफाई जरूरी है. पार्टी का काम मैं करता रहूंगा लेकिन अपराधियों को भगाने का काम भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा.”

सुशासन पर जोर

सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार के सभी वर्गों को सुशासन चाहिए और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुरू से ही इसी लक्ष्य पर काम कर रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार अपराध नियंत्रण और विकास की दिशा में ठोस कदम उठा रही है.

लालू यादव पर तंज

इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव पर भी तीखा हमला बोला. बिजली सब्सिडी का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि जनता से 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया गया था, जिसे अब लागू किया जा रहा है. इस योजना पर सरकार को लगभग 19 हजार करोड़ रुपये का खर्च उठाना पड़ रहा है. पहले यह खर्च करीब 16 हजार करोड़ रुपये था, जिसे अब बढ़ाकर 3 हजार करोड़ रुपये और किया गया है. उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि जब लालू यादव के घर बिजली का बिल आता होगा, तो उसमें भी 125 यूनिट मुफ्त ही दर्ज होती होगी.

पुरानी सरकारों पर हमला

2005 से पहले की सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उस दौर में विकास की कोई स्पष्ट सोच नहीं थी. उन्होंने कहा, “तब यह कहा जाता था कि अगर घर में बाढ़ नहीं आएगी तो मछली कैसे खाएंगे, लेकिन आज नीतीश सरकार की नीतियों के कारण बिहार मछली उत्पादन में कई राज्यों से आगे निकल चुका है.”

ये भी पढ़ें-क्रिसमस पर पीएम मोदी पहुंचे कैथेड्रल चर्च, प्रार्थना सभा में की शिरकत

मछली उत्पादन और निर्यात का दावा

सम्राट चौधरी ने दावा किया कि आने वाले समय में बिहार से झारखंड और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में मछली का निर्यात किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह राज्य की बढ़ती आर्थिक क्षमता और विकास का संकेत है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read