नई दिल्ली में चल रहे 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान शनिवार को एक ऐसा पल देखने को मिला, जिसने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया. भारत मंडपम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग एक साथ नजर आए. तीनों नेताओं के बीच बातचीत के दौरान माहौल काफी सहज और दोस्ताना दिखा. एक तस्वीर में तीनों एक-दूसरे का हाथ पकड़े मुस्कुराते हुए दिखाई दिए.
प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस मुलाकात की कुछ झलकियां अपने एक्स अकाउंट पर साझा कीं. उन्होंने लिखा, “BRICS शिखर सम्मेलन 2026 दिल्ली में शुरू हो गया है.” इसके बाद सामने आए तस्वीरों और वीडियो ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर तीनों नेताओं के बीच हाल के दिनों में नजर आए ऐसे ही अनौपचारिक पलों की याद दिला दी.
SCO बैठक में भी दिखी थी ऐसी ही गर्मजोशी
यह पहली बार नहीं है जब मोदी, पुतिन और शी के बीच इस तरह की सहजता कैमरे में कैद हुई हो. इससे पहले पिछले महीने बिश्केक में आयोजित 26वें शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के दौरान भी तीनों नेता साथ नजर आए थे. 31 अगस्त को हुई आधिकारिक फैमिली फोटो के दौरान उनके बीच बातचीत और मुस्कुराते हुए तस्वीरें सामने आई थीं.
इसके अलावा 31 अगस्त से 1 सितंबर तक तियानजिन में हुए SCO Plus सम्मेलन के दौरान भी तीनों नेताओं के कई वीडियो चर्चा में रहे. प्रधानमंत्री मोदी को राष्ट्रपति पुतिन के साथ गले मिलते हुए देखा गया था. इसके बाद मोदी, पुतिन और शी जिनपिंग साथ चलते और बातचीत करते भी नजर आए. इन तस्वीरों ने तीनों नेताओं के बीच दिखाई देने वाली व्यक्तिगत सहजता को एक बार फिर सामने रखा.
भारत मंडपम में नेताओं का स्वागत
दिल्ली में BRICS सम्मेलन शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने भारत मंडपम पहुंचने वाले कई राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों का गर्मजोशी से स्वागत किया. इनमें रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा और मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी समेत कई प्रमुख नेता शामिल रहे. अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का भी प्रधानमंत्री ने स्वागत किया.
दो दिन तक दिल्ली में जुटे हैं BRICS नेता
भारत इस साल BRICS की अध्यक्षता कर रहा है और 18वें शिखर सम्मेलन की मेजबानी 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में की जा रही है. बैठक में BRICS के सदस्य देशों के साथ-साथ साझेदार और आमंत्रित देशों के प्रतिनिधि भी हिस्सा ले रहे हैं.
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, भारत की BRICS अध्यक्षता की थीम “Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability” रखी गई है. इसका फोकस ऐसे विकास पर है जिसमें मुश्किल परिस्थितियों से निपटने की क्षमता, नई सोच, आपसी सहयोग और टिकाऊ विकास को महत्व दिया जाए.
यह भी पढ़ें: आयुर्वेद को वैश्विक मंच पर नई ऊंचाई देने की पहल: AIIA और विश्व आयुर्वेद परिषद के बीच बड़ा समझौता
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




