Bharat Express DD Free Dish

‘बिना जमानत के जेल जाने को तैयार…’, पतंजलि के 50 करोड़ के मानहानि केस पर भड़के बृजभूषण शरण सिंह

गोंडा में बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने पतंजलि द्वारा 50 करोड़ रुपये का मानहानि का केस दर्ज किए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है.

रिपोर्ट- विशाल सिंह


उत्तर प्रदेश के गोंडा से बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं. बाबा रामदेव की कंपनी पतंजलि द्वारा 50 करोड़ रुपये का मानहानि का केस ठोकने के बाद बृजभूषण ने तेवर पूरी तरह तल्ख कर लिए हैं. उन्होंने दो टूक कह दिया है कि वो इस लड़ाई में पीछे हटने वाले नहीं हैं, और जरूरत पड़ी तो बिना जमानत के जेल जाने को भी तैयार हैं.

गोंडा में मीडिया से बातचीत करते हुए बृजभूषण शरण सिंह अपने पुराने अंदाज में नजर आए. उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि राजनीति में ‘चर्चा, पर्चा और खर्चा’ ही सब कुछ होता है, और बाबा रामदेव की कृपा से वो एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गए हैं.

मामला तब गरमाया जब पतंजलि फूड्स लिमिटेड ने उनके उस बयान पर आपत्ति जताई जिसमें उन्होंने कंपनी के घी को कथित तौर पर नकली बताया था. इसके बाद कंपनी ने उनके खिलाफ मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में 50 करोड़ रुपये का भारी-भरकम मानहानि का मुकदमा ठोक दिया. इस पर बृजभूषण ने साफ शब्दों में कहा, “कोर्ट चाहे तो मुझे सजा दे दे या जेल भेज दे, लेकिन मैं इस मामले में जमानत बिल्कुल नहीं कराऊंगा. मैं देश और जनता के हित के लिए जेल जाने से भी नहीं डरता.”

पतंजलि पर लगाए बेहद गंभीर आरोप

पूर्व कुश्ती संघ अध्यक्ष ने सिर्फ इतना ही नहीं कहा, बल्कि पतंजलि कंपनी पर एक के बाद एक कई बड़े और गंभीर सवाल भी खड़े कर दिए. उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जिस कंपनी के 14 से ज्यादा प्रोडक्ट्स अलग-अलग जगहों पर बैन हो चुके हों और जो सुप्रीम कोर्ट से तीन बार माफी मांग चुकी हो, आज वही कंपनी उन पर 50 करोड़ का केस कर रही है.

उन्होंने आगे दावा किया कि साल 2022 में पिथौरागढ़ में भी इस कंपनी पर जुर्माना लग चुका है. इतना ही नहीं, दुनिया के कई देशों में इनके प्रोडक्ट्स पर पहले से पाबंदी लगी हुई है. बृजभूषण का कहना था कि आज ऐसे लोग उन पर मानहानि का दावा ठोक रहे हैं जिनकी अपनी साख सवालों के घेरे में है.

‘महज 2000 रुपये किलो में शुद्ध घी मिलना असंभव’

बाजार में मिलने वाले घी की शुद्धता पर सवाल उठाते हुए बृजभूषण ने अपने पास मौजूद गायों का हवाला दिया. उन्होंने बताया कि उनके खुद के यहां करीब 150 गायें हैं, जिनसे महीने में बमुश्किल 100 किलो घी निकलता है. वो इस शुद्ध घी को 3000 रुपये किलो से ज्यादा भाव में बेचेंगे, क्योंकि दिल्ली जैसे महानगरों में तो इसी क्वालिटी का घी 14 हजार रुपये किलो तक बिकता है.

उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि आखिर कोई इंसान 2000 या 3000 रुपये में पूरी तरह शुद्ध देसी घी कैसे बेच सकता है? उन्होंने आरोप लगाया कि कनाडा और सिंगापुर का कचरा लाकर उसे रिफाइंड करके बेचा जा रहा है. उन्होंने इन कंपनियों को ‘नकली खाद्य पदार्थों का सम्राट’ तक कह डाला.

अपनी बात को खत्म करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने केंद्र और राज्य सरकारों से अपील की कि इस तरह के मामलों को बेहद गंभीरता से लिया जाना चाहिए. उनका मानना है कि अगर ऐसे मामले किसी अन्य देश में होते, तो अब तक बहुत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा चुकी होती.

यह भी पढ़ें- गणपति दर्शन के नाम पर अवैध वसूली, चंद्रपुर के इस चर्चित गणेश मंडल पर लगा बड़ा आरोप

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read