पंजाब सीमा पर नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने दो अलग-अलग ऑपरेशनों में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है. तरनतारन में बीएसएफ ने दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया, जबकि फिरोजपुर में एक संदिग्ध ड्रोन बरामद किया गया.
आज सुबह तरनतारन के गांव कलसियां के पास ड्रोन की गतिविधि देखे जाने के बाद बीएसएफ जवानों ने तुरंत तलाशी अभियान चलाया. धान के खेत में छिपे दो संदिग्ध तस्करों को पकड़ा गया. पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर जवानों ने पास के सिंचित खेत से 610 ग्राम वजन का हेरोइन का पैकेट बरामद किया. हेरोइन का यह पैकेट पीले चिपचिपे टेप में लिपटा हुआ था, जिससे स्पष्ट है कि यह ड्रोन से गिराया गया था.
वहीं, बीते शाम खुफिया सूचना के आधार पर बीएसएफ ने फिरोजपुर जिले के गांव बरेके के पास एक खेत से DJI Mavic 3 Classic मॉडल का ड्रोन बरामद किया.
बीएसएफ के जनसंपर्क अधिकारी, पंजाब फ्रंटियर के मुताबिक, यह कार्रवाई सीमा पार से हो रही नशा तस्करी की साजिशों पर बड़ा प्रहार है और ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे.
ये भी पढ़े: आंध्र प्रदेश की ग्रेनाइट खदान हादसे में छह प्रवासी मज़दूरों की मौत
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

