Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

Gen-Z से जुड़ने के लिए सोशल मीडिया पर एक्टिव हुए केंद्रीय मंत्री, पीएम मोदी की सलाह के बाद बढ़ी रील्स और पोस्ट की रफ्तार

केंद्र सरकार के मंत्रियों के सोशल मीडिया इस्तेमाल में बदलाव देखने को मिल रहा है.

PM Modi

केंद्र सरकार के मंत्रियों के सोशल मीडिया इस्तेमाल में पिछले कुछ समय में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. खासकर इंस्टाग्राम पर मंत्रियों की सक्रियता बढ़ी है और अब उनका फोकस सिर्फ सरकारी कार्यक्रमों की जानकारी देने तक सीमित नहीं रह गया है. रील्स, छोटे वीडियो और लोगों से सीधे जुड़ने वाले कंटेंट के जरिए युवा वर्ग तक पहुंच बनाने की कोशिश तेज होती दिखाई दे रही है.

इस बदलाव के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह को अहम माना जा रहा है. जुलाई में हुई कैबिनेट बैठक के दौरान पीएम मोदी ने अपने मंत्रियों से सोशल मीडिया पर ज्यादा सक्रिय रहने को कहा था. उन्होंने इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं और Gen-Z से बेहतर कनेक्शन बनाने पर जोर दिया था.

इंस्टाग्राम पर बढ़ी मंत्रियों की मौजूदगी

प्रधानमंत्री की इस सलाह के बाद कई केंद्रीय मंत्रियों ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल पर पहले के मुकाबले ज्यादा ध्यान देना शुरू किया है. पिछले एक महीने के आंकड़ों में भी इसका असर नजर आता है. गृह मंत्री अमित शाह के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की संख्या में 8 लाख से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है. वहीं केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल के फॉलोअर्स भी 2.5 लाख से अधिक बढ़े हैं. विदेश मंत्री एस. जयशंकर के इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी करीब 3 लाख नए फॉलोअर्स जुड़े हैं.

सोशल मीडिया पर सरकार के बड़े चेहरों की पहुंच लगातार बढ़ रही है. यह सिर्फ फॉलोअर्स तक ही सीमित नहीं है, बल्कि मंत्रियों की पोस्टिंग की रफ्तार में भी बदलाव देखने को मिला है.

रील्स और इंटरैक्टिव कंटेंट पर जोर

सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी ने मंत्रियों को यह समझाने की कोशिश की थी कि आज के दौर में खासकर युवा दर्शकों तक पहुंचने के लिए सोशल मीडिया का पारंपरिक तरीका काफी नहीं है. युवा वर्ग लंबे भाषण या विस्तृत सरकारी अपडेट के बजाय छोटे, सीधे और आसानी से समझ आने वाले कंटेंट से ज्यादा जुड़ता है.

इसी वजह से रिल्स और इंटरैक्टिव पोस्ट को ज्यादा महत्व दिया जा रहा है. कई मंत्री अब अपने काम, सरकारी योजनाओं, कार्यक्रमों और सार्वजनिक गतिविधियों से जुड़ी जानकारी को छोटे वीडियो और ज्यादा आकर्षक फॉर्मेट में साझा कर रहे हैं.

सोशल मीडिया पर सक्रियता का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि कई केंद्रीय मंत्रियों ने पिछले महीने की तुलना में अपनी पोस्टिंग करीब 50 फीसदी तक बढ़ाई है. इसका सीधा संकेत है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म अब सरकार के संचार तंत्र का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बनता जा रहा है.

दरअसल, सोशल मीडिया के जरिए मंत्री अपनी गतिविधियों की जानकारी लोगों तक तेजी से पहुंचा सकते हैं और साथ ही सीधे जनता की प्रतिक्रिया भी देख सकते हैं. खासकर युवाओं के बीच अपनी मौजूदगी मजबूत करने के लिए इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म को अहम माना जा रहा है.

यह भी पढ़ें: अमित शाह ने टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित लड़कियों के साथ मनाया रक्षाबंधन, 18 साल तक के बच्चों को मिलेगा मुफ्त इंसुलिन

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital