Bharat Express DD Free Dish

रील्स बनाने वाली मनजीत कौर की दर्दनाक कहानी: पहले अगवा किया, फिर पेड़ से बांधकर जिंदा जलाया; 54 दिन बाद मौत

Chandigarh Influencer Manjeet Kaur Death: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर की पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज के दौरान मौत हो गई। उन पर अपहरण कर आग लगाने का आरोप है. करीब 54 दिन तक जिंदगी से जूझने के बाद मनजीत ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मां की शिकायत पर हत्या और अपहरण का केस दर्ज किया है.

Chandigarh Influencer Manjeet Kaur Death bharat express

Chandigarh Influencer Manjeet Kaur Death bharat express

Chandigarh Influencer Manjeet Kaur Death: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर की 26 अगस्त को पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज के दौरान मौत हो गई. 28 वर्षीय मनजीत को 3 जुलाई की देर रात चंडीगढ़ से कथित तौर पर अगवा कर मोरिंडा ले जाया गया था. आरोप है कि वहां जंगल में उन्हें शहतूत के पेड़ से बांधकर आग लगा दी गई. घटना में वह गंभीर रूप से झुलस गई थीं. करीब 54 दिन तक अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चलने के बाद उनकी मौत हो गई. मनजीत की मां कांता देवी की शिकायत पर चंडीगढ़ पुलिस ने अब अपहरण और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

मिलने के बहाने बुलाया, फिर कार में ले गए

मनजीत की मां कांता देवी के अनुसार, 3 जुलाई की देर रात शुभी और पिंडा ने मनजीत को चंडीगढ़ के सेक्टर-34 में शराब की दुकान के पास मिलने के लिए बुलाया था. दोनों पहले से मनजीत के परिचित बताए जा रहे हैं. आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद दोनों ने उन्हें जबरन कार में बैठाया और मोरिंडा के जंगल में ले गए. वहां मनजीत को शहतूत के पेड़ से बांधकर आग लगा दी गई.

परिचित ने कंबल से बुझाई आग

घटना के बाद मनजीत का एक परिचित मौके पर पहुंचा और कंबल की मदद से आग बुझाई. इसके बाद उन्हें मोरिंडा के अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर मोहाली के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया और 9 जुलाई को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया. मनजीत कई सप्ताह तक बेहोश रहीं. परिवार के मुताबिक, 5 अगस्त को उन्हें कुछ होश आया तो उन्होंने परिजनों को घटना के बारे में बताया. हालांकि इलाज के दौरान उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई और 26 अगस्त को उन्होंने दम तोड़ दिया.

सात साल के बेटे के सिर से उठा मां का साया

मनजीत मोहाली के सेक्टर-123 स्थित सन्नी एन्क्लेव में रहती थीं. वह तलाकशुदा थीं और उनका सात साल का बेटा है. सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी-खासी पहचान थी. इंस्टाग्राम पर करीब 1.46 लाख फॉलोअर्स थे, जहां वह पंजाबी-हरियाणवी गानों पर रील्स और कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स से जुड़ा कंटेंट बनाती थीं. यूट्यूब पर भी उनके करीब 4 हजार सब्सक्राइबर्स थे.

बयान दर्ज न करने को लेकर उठे सवाल

परिवार ने आरोप लगाया है कि होश में आने के बाद मनजीत ने पुलिस को बयान देने की इच्छा जताई थी. परिवार के अनुसार, पीजीआई पुलिस चौकी की ओर से खरड़ सदर पुलिस को भी सूचना दी गई थी, लेकिन बयान दर्ज नहीं हुआ. खरड़ डीएसपी ईशान सिंगला ने लापरवाही के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि घटनास्थल चंडीगढ़ पुलिस के अधिकार क्षेत्र में आता था.

यह भी पढ़ें: सोशल मीडिया कमेंट से सुलगा बिलासपुर!  दो पक्षों में हिंसक झड़प, जुलूस और प्रदर्शन पर लगा प्रतिबंध

अपहरण और हत्या की धाराओं में केस दर्ज

मनजीत की मौत के बाद चंडीगढ़ पुलिस ने उनकी मां की शिकायत पर बीएनएस की धारा 140(1), 103(1) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की है. एसएसपी कन्वरदीप कौर ने अपहरण और हत्या का केस दर्ज होने की पुष्टि की है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ मनजीत के सोशल मीडिया अकाउंट की भी जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक संदिग्धों के बारे में सुराग मिले हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read