Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई जान… चंडीगढ़ शूटआउट का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर, भाई ने रची थी खौफनाक साजिश

चंडीगढ़ में 17 वर्षीय नैतिक खंडेलवाल की हत्या के मामले में पुलिस ने शूटर मनमीत मेहर उर्फ मन को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, नैतिक की हत्या पुरानी रंजिश के चलते सुपारी देकर कराई गई थी, जिसमें उसके छोटे भाई अर्थ मेहर की भूमिका सामने आई है.

चंडीगढ़ में 17 साल के नैतिक खंडेलवाल की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. सेंट जोसफ कॉन्वेंट स्कूल के पूर्व छात्र नैतिक की हत्या के आरोपी शूटर मनमीत मेहर उर्फ मन को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. सेक्टर-50 के जंगल में हथियार बरामद करने के दौरान हुई इस कार्रवाई में मनमीत के पैर में गोली लगी. पुलिस के मुताबिक, आरोपी का संबंध बंबीहा गैंग से जुड़े गैंगस्टर लक्की पटियाल के नेटवर्क से भी सामने आया है.

इस मामले ने इसलिए भी सबको चौंका दिया है, क्योंकि पुलिस जांच में हत्या की साजिश के पीछे आरोपी के छोटे भाई अर्थ मेहर का नाम सामने आया है. बताया जा रहा है कि नैतिक और अर्थ के बीच पहले विवाद हुआ था. आरोप है कि नैतिक के साथ हुई मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद अर्थ ने उससे बदला लेने के लिए हत्या की साजिश रची. पुलिस के अनुसार, इसी के तहत नैतिक पर गोलियां चलाई गईं.

चंडीगढ़ ऑपरेशन सेल के डीएसपी रनजोत सिंह के मुताबिक, पुलिस ने शुक्रवार को ही आरोपी छात्र अर्श और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया था. इसके बाद शनिवार सुबह इंस्पेक्टर सेखों के नेतृत्व में पुलिस टीम अर्श मेहर और उसके भाई मनमीत मेहर उर्फ मन को लेकर सेक्टर-50 के जंगल पहुंची. पुलिस यहां आरोपियों की निशानदेही पर छिपाए गए हथियार बरामद करने गई थी.

पुलिस के मुताबिक, हथियार बरामद करने के दौरान अर्श ने अपनी छिपाई हुई पिस्टल की जगह बता दी. पुलिस ने पिस्टल अपने कब्जे में ले ली. इसके बाद जब टीम दूसरी पिस्टल बरामद करने की कोशिश कर रही थी, तभी मनमीत ने कथित तौर पर छिपाई हुई पिस्टल निकालकर पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी.

बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई ASI की जान

फायरिंग के दौरान एक गोली सहायक उपनिरीक्षक (ASI) प्रदीप की छाती पर लगी. हालांकि, उन्होंने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उनकी जान बच गई. पुलिस के मुताबिक, आरोपी की तरफ से गोली चलाए जाने के बाद पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की. इस दौरान पुलिस ने दो राउंड फायर किए, जबकि आरोपी की ओर से एक गोली चलाई गई. मुठभेड़ में मनमीत के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आए और गैंगस्टर नेटवर्क के साथ उसके संबंध कितने पुराने हैं.

ऑटो में बैठे नैतिक पर बरसाईं गोलियां

नैतिक खंडेलवाल की हत्या की घटना शुक्रवार को हुई थी. पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी अर्श शूटर मनमीत के साथ नैतिक की पहचान करने आया था. उस समय नैतिक ऑटो में बैठा हुआ था. आरोपियों को देखकर उसने ऑटो चालक सिकंदर से गाड़ी भगाने के लिए कहा, लेकिन इसी दौरान फायरिंग हो गई.

गोलीबारी में एक गोली नैतिक की छाती में लगी, जबकि दूसरी गोली ऑटो चालक सिकंदर के कंधे को छूकर निकल गई. गोली लगने के बाद नैतिक ऑटो से उतरा और कुछ दूरी पर जाकर गिर पड़ा. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

इस घटना के बाद पुलिस ने हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों के आपसी संबंधों की जांच शुरू की. शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश और मारपीट का वीडियो वायरल होने की बात सामने आई.

छोटे भाई के कहने पर हत्या करने का आरोप

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नैतिक की हत्या के लिए कथित तौर पर सुपारी दी गई थी. जांच में सामने आया है कि अर्थ मेहर ने अपने बड़े भाई मनमीत के जरिए इस वारदात को अंजाम दिलाने की साजिश रची थी. अर्थ पर आरोप है कि नैतिक के साथ हुए विवाद और मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद उसने बदला लेने की योजना बनाई.

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मनमीत के पिता पंजाब पुलिस के इंटेलिजेंस विंग में तैनात हैं. वहीं, मनमीत का नाम बंबीहा गैंग से जुड़े विदेश में बैठे गैंगस्टर लक्की पटियाल के नेटवर्क से भी जोड़ा जा रहा है. हालांकि, इस नेटवर्क में उसकी भूमिका और कथित सुपारी से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

मोहाली में सैलून पर फायरिंग मामले से भी जुड़ा नाम

मनमीत मेहर का नाम इससे पहले मोहाली में सेक्टर-67 के सामने स्थित हेडमास्टर सैलून पर हुई फायरिंग की घटना में भी सामने आया था. पुलिस अब इस मामले में उसकी कथित भूमिका की पड़ताल कर रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध है और आरोपी किसी संगठित आपराधिक गिरोह के लिए काम कर रहा था.

यह भी पढ़ें: सौरभ गांगुली के पर्सनालिटी राइट्स मामले में नया मोड़: दिल्ली हाई कोर्ट ने फिल्म ‘दूसरा’ के मेकर्स को भेजा नोटिस

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital