Bharat Express DD Free Dish

चांदो में मौत का तांडव: दो सड़क हादसों ने उजाड़े परिवार, भारी वाहनों की रफ्तार पर भड़के ग्रामीण, घंटों रहा चक्काजाम

बलरामपुर के चांदो में गुरुवार को दो भीषण सड़क हादसे हुए. तेज रफ्तार हाईवा और बॉक्साइट ट्रक की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत हो गई. ग्रामीणों के भारी विरोध के बाद प्रशासन ने मदद का भरोसा दिया है.

Balrampur Chando Road Accident

Balrampur Hadsa: आनन्द मिश्रा/बलरामपुर: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के चांदो थाना क्षेत्र के लिए गुरुवार का दिन किसी काल से कम साबित नहीं हुआ. एक ही दिन में हुए दो भीषण सड़क हादसों ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है. इन घटनाओं में जहां दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं दो युवक गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में अपनी जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं. इन हादसों के बाद इलाके में जबरदस्त जनाक्रोश देखने को मिला, जिसके बाद ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया.

पहला हादसा: घर में घुसा बेकाबू हाईवा

पहली रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना ग्राम भेदमी के पास कनहर नदी पुलिया के पास हुई. बताया जा रहा है कि रामप्रीत नागेसिया अपनी मां और नानी को बाइक पर बैठाकर बैरडीहकला गांव महुआ चुनने जा रहा था. तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार हाईवा ने नियंत्रण खो दिया. रफ्तार इतनी तेज थी कि हाईवा पहले सड़क किनारे स्थित बेचू साव के घर में जा घुसा और फिर बाइक को अपनी चपेट में ले लिया.

इस दिल दहला देने वाले हादसे में रामप्रीत की मां की मौके पर ही सांसें थम गईं. वहीं, गंभीर रूप से घायल उसकी नानी को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया. बाइक चला रहे रामप्रीत की हालत बेहद नाजुक है; बताया जा रहा है कि हादसे में उसका एक पैर कट गया है. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक परिवार की दो खुशियां मातम में बदल चुकी थीं.

दूसरा हादसा: ट्रक ने युवक को रौंदा

अभी इलाका पहले हादसे के सदमे से उबरा भी नहीं था कि ग्राम कंदरी में एक और वारदात हो गई. यहां बॉक्साइट परिवहन कर रहे एक ट्रक ने बाइक सवार सद्दाम खान (35 वर्ष) को बुरी तरह कुचल दिया. सद्दाम के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं और उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.

इस घटना ने ग्रामीणों के गुस्से में घी का काम किया. लोगों का आरोप है कि ट्रक चालक नशे में धुत्त था. सबसे बड़ा सवाल प्रशासन पर उठा कि जब इस मार्ग पर भारी वाहनों के लिए प्रतिबंध लगा है और बाकायदा चेतावनी बोर्ड लगे हैं, तो फिर ये बॉक्साइट से लदे यमदूत वहां कैसे पहुंच रहे हैं?

ग्रामीणों ने सड़क पर किया चक्काजाम

लगातार हुई इन मौतों और अवैध परिवहन से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया. माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि चांदो, बलरामपुर और गणेश मोड़ चौकी की पुलिस को भारी बल के साथ मोर्चा संभालना पड़ा. ग्रामीण प्रशासन से स्थायी समाधान और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे.

काफी देर तक चली खींचतान के बाद भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री विकास मंडल वहां पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की. उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष और फिर सीधे कलेक्टर राजेंद्र कटारा से बात की. प्रशासन की ओर से घायलों के मुफ्त इलाज और हर संभव सरकारी मदद का ठोस आश्वासन मिलने के बाद ही ग्रामीणों ने जाम खोला.

पुलिस ने दोनों हादसों में शामिल ट्रकों और उनके चालकों को हिरासत में ले लिया है.

ये भी पढ़ें: राजस्थान के अस्पताल में इलाज के बजाय मिल रही पिटाई, जानें क्या है पूरा मामला?

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read