Bharat Express DD Free Dish

‘मोदी सही समय पर मिले सही नेता…’, चंद्रबाबू नायडू ने की पीएम मोदी की जमकर तारीफ

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर कहा कि उनके नेतृत्व में भारत ने अपनी सांस्कृतिक विरासत को नए सिरे से मजबूत किया है और वैश्विक मंच पर आत्मविश्वास के साथ अपनी पहचान स्थापित की है.

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर सराहना की है. उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में भारत ने सिर्फ आर्थिक ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और वैचारिक स्तर पर भी एक नई पहचान बनाई है. नायडू के मुताबिक, आज का भारत पहले से ज्यादा आत्मविश्वासी है और दुनिया के मंच पर मजबूत आवाज के साथ अपनी बात रख रहा है.

नायडू ने एक मीडिया लेख में अपने विचार साझा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व ऐसे समय में मिला जब देश को एक निर्णायक और दूरदर्शी नेतृत्व की जरूरत थी. उन्होंने लिखा कि लगभग 12 सालों के अनुभव के बाद यह भरोसा और भी मजबूत हुआ है कि मोदी सही समय पर देश को मिले सही नेता हैं. उनके अनुसार, आने वाला इतिहास इस दौर को सिर्फ विकास या स्थिरता के रूप में नहीं, बल्कि भारत के आत्मविश्वास की वापसी के रूप में याद करेगा.

सभ्यता और आधुनिकता का मेल

तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नायडू ने यह भी कहा कि उन्होंने अपने करीब पांच दशक लंबे राजनीतिक जीवन में कई प्रधानमंत्री देखे हैं, लेकिन मोदी का नेतृत्व कुछ अलग है. उनके मुताबिक यह नेतृत्व भारतीय सभ्यता की जड़ों और आधुनिक शासन व्यवस्था का अनोखा मेल पेश करता है.

नायडू ने कहा कि आज भारत वैश्विक स्तर पर ज्यादा रणनीतिक महत्व के साथ खड़ा है. देश अब सिर्फ एक उभरती हुई अर्थव्यवस्था नहीं, बल्कि बराबरी के स्तर पर दुनिया से संवाद करने वाला राष्ट्र बन चुका है.

डिजिटल क्रांति और आर्थिक बदलाव

उन्होंने अपने लेख में भारत की आर्थिक प्रगति का भी जिक्र किया. नायडू के अनुसार, बीते दस वर्षों में भारत 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है. इस बदलाव में डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, जन धन योजना, आधार, यूपीआई और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर जैसी योजनाओं की बड़ी भूमिका रही है.

उनका कहना है कि इन पहलों ने आम लोगों तक सरकारी योजनाओं की सीधी पहुंच बनाई और बीच के बिचौलियों की भूमिका खत्म कर दी, जिससे पारदर्शिता भी बढ़ी.

बुनियादी ढांचे और विकास पर जोर

नायडू ने आगे कहा कि देश में सड़क, बंदरगाह, हवाई अड्डे, रेलवे, नवीकरणीय ऊर्जा और नई तकनीकों में बड़े पैमाने पर निवेश हुआ है. इसका असर लंबे समय तक देश की अर्थव्यवस्था पर दिखेगा.

उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र और राज्यों के बीच सहयोगात्मक संघवाद (कोऑपरेटिव फेडरलिज़्म) ने राज्यों को विकास में आगे बढ़ने का मौका दिया है. आंध्र प्रदेश को भी अमरावती परियोजना, औद्योगिकीकरण और तकनीक आधारित विकास योजनाओं में इसका फायदा मिला है.

यह भी पढ़ें: EVM पर रोना बंद करे विपक्ष… PM मोदी के 12 साल ऐतिहासिक, जनता का भरोसा बरकरार- संजय झा

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read