Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

चंद्रबाबू नायडू चौथी बार बने आंध्र प्रदेश के CM, PM मोदी ने गले लगाकर दी बधाई, पवन कल्याण ने डिप्टी सीएम पद की ली शपथ

Chandrababu Naidu Oath: मुख्यमंत्री पद के लिए मनोनीत चंद्रबाबू नायडू ने मंत्रियों की सूची राज्यपाल एस अब्दुल नजीर को भेज दी है.

Chandrababu Naidu

फोटो-ANI

Chandrababu Naidu Oath: आज यानी बुधवार को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर एन. चंद्रबाबू नायडू ने शपथ ले ली है. इस तरह से वह चौथी बार सीएम बन गए हैं. इस मौके पर उपस्थित पीएम नरेंद्र मोदी ने नायडू को बधाई दी है. चंद्रबाबू नायडू के बेटे नारा लोकेश ने भी मंत्रिपद की शपथ ली है. तो वहीं जन सेना पार्टी के अध्यक्ष पवन कल्याण ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली. बता दें कि नायडू के नेतृत्व में 25 सदस्यीय मंत्रिपरिषद शपथ लेगी. बुधवार की सुबह जारी की गई 24 मंत्रियों की सूची में जन सेना पार्टी के तीन और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक मंत्री शामिल हैं व शेष तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के हैं.

केसरपल्ली आईटी पार्क में हुआ कार्यक्रम

मुख्यमंत्री पद के लिए मनोनीत चंद्रबाबू नायडू ने मंत्रियों की सूची राज्यपाल एस अब्दुल नजीर को भेज दी थी. राज्यपाल विजयवाड़ा के गन्नावरम हवाई अड्डे के पास केसरपल्ली आईटी पार्क में एक सार्वजनिक समारोह में नायडू और उनके मंत्रियों को शपथ दिला रहे हैं. मंत्रिपरिषद में चंद्रबाबू नायडू के बेटे और टीडीपी महासचिव नारा लोकेश, टीडीपी की आंध्र प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के अत्चन्नायडू और जन सेना पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति के अध्यक्ष नादेंदला मनोहर शामिल हैं.

ये भी पढ़ें-हरदोई में बड़ा हादसा; बालू से भरा ट्रक पलटा झोपड़ी पर, एक ही परिवार के आठ लोगों की दर्दनाक मौत-Video

मंत्रिपरिषद में शामिल होंगी तीन महिलाएं

मंत्रिपरिषद में तीन महिलाएं हैं. मंत्रियों की सूची में पिछड़ा वर्ग से आठ, अनुसूचित जाति से तीन और अनुसूचित जनजाति से एक व्यक्ति शामिल है. नायडू ने कम्मा और कापू समुदायों से चार-चार मंत्री शामिल किए हैं. रेड्डी से तीन और वैश्य समुदाय से एक को कैबिनेट में जगह मिली है. नायडू खुद शक्तिशाली कम्मा समुदाय से आते हैं, जबकि पवन कल्याण कापू समुदाय से आते हैं. पिछले महीने हुए चुनाव में टीडीपी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 175 सदस्यीय विधानसभा में 164 सीटें हासिल कीं. टीडीपी ने अकेले 135 सीटें जीतीं तो वहीं जन सेना पार्टी ने सभी 21 सीटों पर फतह हासिल की. वहीं ​​भाजपा ने 10 सीटों में से आठ पर जीत हासिल की. वाईएसआरसीपी के पिछले विधानसभा में 151 सदस्य थे, जो घटकर अब 11 रह गए हैं.

17 नए चेहरे

भाजपा की ओर से सत्य कुमार यादव मंत्री के रूप में शपथ लेंगे तो वहीं जन सेना पार्टी के तीन मंत्री-पवन कल्याण, नादेंदला मनोहर और कंदुला दुर्गेश हैं. नायडू की मंत्रिपरिषद में 17 नए चेहरे हैं वह शेष अन्य बाकी पहले भी मंत्री रह चुके हैं. टीडीपी प्रमुख ने एक पद खाली रखा है. वरिष्ठ नेता एन मोहम्मद फारूक मंत्रिपरिषद में अकेले मुस्लिम चेहरा हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital