Chandrashekhar Bawankule Said About Rahul Gandhi: देश के आर्थिक हालातों और केंद्र सरकार के भविष्य को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयानों पर अब सियासत पूरी तरह गर्मा गई है. राहुल गांधी के ‘आर्थिक सुनामी’ और ‘सरकार गिरने’ वाले दावों पर पलटवार करते हुए महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने उनकी जमकर क्लास लगाई है. बावनकुले ने राहुल गांधी पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस नेता असलियत से कोसों दूर हैं और “दिन में भी बुरे सपने” देख रहे हैं.
बावनकुले का यह आक्रामक बयान राहुल गांधी के उस दावे के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि केंद्र सरकार एक साल के भीतर गिर जाएगी या देश में आर्थिक आपातकाल (इमरजेंसी) जैसे हालात बन जाएंगे.
ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र में फिर हुआ खेला..! उद्धव गुट और मनसे में शिवसेना ने मारी सेंध, कल्याण में बढ़ा जनाधार
“सोने के चम्मच से बादाम का जूस पीकर बड़े हुए हैं राहुल” (Rahul Gandhi Economic Tsunami)
राहुल गांधी के दावों को हास्यास्पद बताते हुए चंद्रशेखर बावनकुले ने उनके विशेषाधिकार प्राप्त बैकग्राउंड पर सीधा हमला बोला. उन्होंने कहा, “सपना देखना चाहिए, लेकिन सपनों में जान होनी चाहिए. राहुल गांधी बचपन से ही सोने के चम्मच से बादाम का जूस पीकर बड़े हुए हैं. वे जन्म से ही एक अत्यंत धनवान परिवार में पले-बढ़े हैं, इसलिए उन्हें जमीनी हकीकत और गरीबी क्या होती है, यह बिल्कुल समझ नहीं आता.” बावनकुले ने कहा कि ऐसी पृष्ठभूमि वाले नेता का देश की आर्थिक स्थिति पर उपदेश देना पूरी तरह से बेतुका है.
मोदी जी समझते हैं गरीबों का दर्द (Chandrashekhar Bawankule Said About Rahul Gandhi)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास नीतियों की तारीफ करते हुए महाराष्ट्र के मंत्री ने कहा कि देश को इस वक्त किसी बात की चिंता करने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक चाय की टपरी (दुकान) पर काम करके अपने जीवन की शुरुआत की है. उन्होंने खुद गरीबी को जिया है, इसलिए वे ही असल में गरीबों और मध्यम वर्ग (मिडिल क्लास) का दर्द बेहतर समझ सकते हैं.
ये भी पढ़ें: ममता को अकेला छोड़ कहां गई TMC की ‘लापता लेडीज’? पोस्टर के साथ BJP ने लिए जमकर मजे
बावनकुले ने राहुल गांधी को नसीहत देते हुए कहा कि जब तक मोदी जी देश के प्रधानमंत्री हैं, तब तक राहुल गांधी को देश की आर्थिक स्थिति की चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है. देश पूरी तरह सुरक्षित और मजबूत हाथों में है. बेहतर होगा कि राहुल गांधी देश के बजाय अपने परिवार और अपनी डूबती हुई पार्टी की चिंता करें.
क्या था राहुल गांधी का वो बयान जिस पर मचा है बवाल? (Rahul Gandhi On Economic Emergency)
दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देश की मौजूदा आर्थिक स्थिति, महंगाई और बेरोजगारी का हवाला देते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला था. उन्होंने दावा किया था कि देश बहुत जल्द एक ऐसी भयानक ‘आर्थिक सुनामी’ का सामना करने जा रहा है, जिससे हर अमीर और गरीब परिवार तबाह हो जाएगा. राहुल गांधी के इसी नकारात्मक नैरेटिव को खारिज करते हुए भाजपा ने इसे उनकी हताशा बताया है और साफ किया है कि भारत की अर्थव्यवस्था आज दुनिया में सबसे मजबूत स्थिति में है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

