प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात दौरे का दूसरा दिन पूरी तरह से ‘विरासत और विकास’ के नाम रहा. रविवार की सुबह जब सोमनाथ मंदिर के सामने से ‘शौर्य यात्रा’ गुजरी, तो नजारा ऐसा था जिसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं.
108 घोड़ों के इस प्रतीकात्मक जुलूस ने उस दौर की याद दिला दी जब आक्रांताओं के खिलाफ हमारे वीर योद्धा ढाल बनकर खड़े हो गए थे. पीएम मोदी न सिर्फ इस यात्रा के साक्षी बने, बल्कि उन्होंने उन अनगिनत बलिदानियों को नमन भी किया जिन्होंने सोमनाथ की अस्मत बचाने के लिए अपना लहू बहाया था.
शौर्य यात्रा और अटूट आस्था
सुबह-सुबह जब प्रधानमंत्री ने सोमनाथ महादेव के दरबार में हाजिरी लगाई, तो वातावरण शिवमय हो गया. पूजा-अर्चना के बाद पीएम ने उस शौर्य यात्रा में हिस्सा लिया, जो साहस और स्वाभिमान का प्रतीक है. दरअसल, यह यात्रा उन वीरों को समर्पित है जिन्होंने मंदिर पर हुए हमलों के दौरान हार नहीं मानी.
माना जा रहा है कि अपनी जनसभा में पीएम मोदी इतिहास के उन पन्नों को भी पलटेंगे, जहां सरदार वल्लभभाई पटेल ने संकल्प लिया था कि सोमनाथ की खोई हुई गरिमा को फिर से बहाल किया जाएगा. यह मौका इसलिए भी खास है क्योंकि सोमनाथ आज भारत के सांस्कृतिक पुनरुत्थान का केंद्र बन चुका है.
राजकोट में बिजनेस
सोमनाथ में ‘स्वाभिमान पर्व’ के समापन के बाद प्रधानमंत्री का अगला पड़ाव राजकोट है. दोपहर होते-होते राजकोट में हलचल तेज हो जाएगी, क्योंकि पीएम मारवाड़ी यूनिवर्सिटी में ‘वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस’ का आगाज करने वाले हैं. यह कार्यक्रम सिर्फ भाषणों तक सीमित नहीं है; यहा एक विशाल ट्रेड शो और प्रदर्शनी भी लगाई गई है.
सबसे बड़ी खबर यह है कि पीएम मोदी आज गुजरात इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (GIDC) के 14 नए ग्रीनफील्ड स्मार्ट एस्टेट्स की घोषणा करेंगे. इसके साथ ही राजकोट को एक मेडिकल डिवाइस पार्क की सौगात भी मिलने वाली है. ये दोनों ही प्रोजेक्ट्स आने वाले समय में सौराष्ट्र और कच्छ के युवाओं के लिए रोजगार के हजारों नए दरवाजे खोलने का दम रखते हैं.
अहमदाबाद को मिलेगी ‘मेट्रो वाली रफ्तार’
दिन भर के व्यस्त कार्यक्रमों के बाद पीएम शाम को अहमदाबाद पहुंचेंगे. यहाँ वे महात्मा मंदिर मेट्रो स्टेशन पर अहमदाबाद मेट्रो फेज-2 के आखिरी हिस्से (सेक्टर 10A से महात्मा मंदिर तक) का उद्घाटन करेंगे. इसका सीधा मतलब यह है कि अब गांधीनगर और अहमदाबाद के बीच सफर करने वालों की राह और भी आसान हो जाएगी.
ये भी पढ़ें:सोमनाथ में पीएम मोदी का ‘स्वाभिमान’ शंखनाद; गजनी के हमले के 1000 साल बाद शौर्य यात्रा में हुए शामिल
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

