Chhattisgarh Power Plant Blast
रिपोर्ट- प्रियंका कौशल (छत्तीसगढ़)
Chhattisgarh Power Plant Blast: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में वेदांता पावर प्लांट हादसे में अब तक 17 मौतें हो चुकी हैं. 4 लोगों की मौके पर ही जान चली गई थी, जबकि 6 लोगों की मौत रायगढ़ मेडिकल कॉलेज, 5 की जिला अस्पताल रायगढ़ और 2 की रायपुर के कालड़ा अस्पताल में इलाज के दौरान हुई. दरअसल प्लांट में मंगलवार दोपहर बॉयलर ब्लास्ट हो गया था. लोग मुर्दाघर में अपने परिजनों को तलाश रहे हैं.
हादसे के बाद प्लांट के बाहर मजदूरों के परिजन ने हंगामा कर दिया. उन्होंने प्रबंधन पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है. इस समय भी कुछ मजदूर लापता हैं. परिजनों का कहना है कि प्रबंधन कोई जानकारी नहीं दे रहा है.
प्रशासन ने जांच के दिये आदेश
वहीं मामले को लेकर प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है. सक्ती जिले के कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं.
सक्ती के SP प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि यह घटना कल दोपहर करीब 2:30 बजे हुई. यूनिट 1 के बॉयलर में एक ट्यूब फट गई. जिससे कई मज़दूर घायल हो गए. हादसे में घायल मजदूरों को आनन-फानन में पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटनास्थल से कुल 5 शव बरामद किए गए हैं. अब तक कुल 17 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और उन सभी की पहचान कर ली गई है.
SP प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि 19 लोगों का इस समय अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है. हम राज्य आपदा बल की मदद ले रहे हैं और लगातार इस इलाके पर नजर रख रहे हैं. कलेक्टर भी घटनास्थल पर मौजूद हैं. हम पूरे जिले पर भी नजर रख रहे हैं.
वेदांता प्रबंधन परिजनों को देगा 35-35 लाख
वहीं वेदांता प्रबंधन ने मृतक परिजन को 35-35 लाख रुपए सहायता राशि और नौकरी देने का ऐलान किया है. घायलों को 15-15 लाख रुपए दिए जाएंगे. इससे पहले PMO ने मुआवजे की घोषणा की थी. PMNRF से हर मृतकों के परिवार वालों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देने की बात कही थी.
इस घटना को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी दुख जताया है. उन्होंने कहा कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. साथ ही मृतकों के परिवार वालों को 5-5 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देने का ऐलान किया है.
ये भी पढ़ें- नोएडा DM का एक्शन! जारी कर दिया अल्टीमेटम, एजेंसियों पर होगा एक्शन
हादसे के बाद कर्मचारियों के परिजनों में दुख लहर दौड़ गयी. सभी अपने रिश्तेदारों को मुर्दाघर में ढूंढते नजर आये.
वहीं हादसे के बाद कांग्रेस भी आक्रामक हो गयी है. विपक्ष लगातार सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है. हालांकि हादसे के बाद राज्य सरकार लगातार मामले की मॉनिटरिंग कर रही है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

