Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

UP News: सीएम योगी ने गोरखपुर में की ‘टिफिन’ पर चर्चा, बोले- “पीएम मोदी के विजनरी नेतृत्व से विश्व में जमी भारत की धमक”

Gorakhpur: इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि, संकट में भारत और पीएम मोदी के प्रति आशा भरी निगाहों से दुनिया देखती है. इस मौके पर सीएम खुद अपना टिफिन लेकर पहुंचे थे और कार्यकर्ताओं के साथ भोजन किया.

टिफिन पर चर्चा में सीएम के साथ अन्य कार्यकर्ता

Rahul Singh Edited by Rahul Singh

UP News: गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कार्यकर्ताओं के साथ ‘टिफिन’ पर चर्चा की. इस मौके पर सबसे आकर्षण का केंद्र सीएम का टिफिन रहा, जिसे वह खुद लेकर पहुंचे थे. बैठक में उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं के साथ भोजन किया और लोकसभा चुनाव-2024 के लिए रणनीति तैयार की. इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 वर्ष के सफलतम कार्यकाल को लेकर कहा कि भारत की धमक पूरे विश्व में जमी है. यह देशहित में पीएम मोदी के विजनरी नेतृत्व और अथक परिश्रम का प्रतिफल है. आज संकट के समय दुनिया भारत और पीएम मोदी के प्रति ही आशा भरी निगाहों से देखती है.

सीएम योगी रविवार को मोदी सरकार के 9 वर्ष का सफल कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा चलाए जा रहे महासंपर्क महाभियान के अंतर्गत गोरखपुर शहर विधानसभा की वरिष्ठ कार्यकर्ता बैठक ‘टिफिन पर चर्चा’ कार्यक्रम को संबोधित किया. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हम अपनी बात व उपलब्धियों को स्वयं बताते हैं तो इसका उतना महत्व नहीं होता. पर, जब दुनिया हमारी उपलब्धियों को मानती है और सम्मान देती है तो यह वास्तविक सम्मान होता है. उन्होंने कहा कि 2014 के पहले के हालात क्या थे, वैश्विक मंच पर भारत की क्या स्थिति थी, इसे सभी जानते हैं और 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में क्या सकारात्मक बदलाव आया है यह भी देश ही नहीं पूरी दुनिया देख रही है.

ये भी पढ़ें- GSI: दुनिया में बढ़ रही है गुलामी, भारत में भी बड़ी आबादी इसका शिकार, वॉक फ्री फाउंडेशन की रिपोर्ट में सनसनीखेज दावे

पापुआ न्यू गिनी के पीएम ने प्रोटोकॉल तोड़कर छुए पैर

इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि, 2014 के पहले भारत के नागरिकों, प्रवासियों, भारतवंशियों को वह सम्मान नहीं मिलता था, जिसके वह हकदार थे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 वर्ष के कार्यकाल में भारतीय नागरिकों, प्रवासियों व भारतवंशियों का समूचे विश्व में सम्मान बढ़ा है. मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी के तीन देशों की यात्रा के अभूतपूर्व क्षणों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत और प्रधानमंत्री के प्रति बढ़े आकर्षण से हर भारतीय को गर्व है. पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री ने प्रोटोकॉल तोड़कर सूर्यास्त के बाद पीएम मोदी की न केवल अगवानी की बल्कि पैर छूकर उनका अभिवादन भी किया.

फिजी व पापुआ न्यू गिनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने देश का सर्वोच्च सम्मान प्रदान किया. ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री ने पीएम मोदी इज़ बॉस कहकर देश का सम्मान बढ़ाया तो अमेरिका के राष्ट्रपति उनका ऑटोग्राफ लेने को लालायित दिखे. यह सब देश के नेतृत्व के सामर्थ्य का परिचायक है. सीएम योगी ने कहा कि संकट की हर परिस्थिति में 140 करोड़ देशवासियों के साथ खड़े होकर, सबके दिलों में राज करने का चमत्कारिक नेतृत्व देकर प्रधानमंत्री ने वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाई है.

सीमा सुरक्षा के मामले में मजबूत हुआ भारत

बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सीमा सुरक्षा के मामले में भी भारत बेहद मजबूत हुआ है. आज भारत की सीमाओं पर कोई टेढ़ी नजरों से नहीं देख सकता. सीमाओं पर कब्जा करने या आतंकी गतिविधियों का दुस्साहस नहीं कर सकता. यदि कहीं कोई घटना हो गई तो दुनिया के देश सफाई देने लगते हैं. पीएम मोदी के नेतृत्व में देश ने स्वाभिमान व सम्मान की रक्षा करना सीखा है. उन्होंने कहा कि 2014 के पहले कश्मीर में उग्रवाद, पूर्वोत्तर के राज्यों में अलगाववाद व देश के 12 से 15 राज्यों में नक्सलवाद की समस्या चरम पर थी.

कश्मीर में धारा 370 समाप्त होने पर बढ़ी शांति

सीएम योगी ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि, आज कश्मीर में धारा 370 समाप्त होने से शांति, सौहार्द व विकास का माहौल है. वहां हुए पंचायत चुनाव में लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की और भारतीय जनता पार्टी को भी बड़ा समर्थन मिला. पहले यह सिर्फ कल्पना थी अब वास्तविकता है. सीएम योगी ने कहा कि वर्तमान समय में पूर्वोत्तर के राज्यों अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, मणिपुर व असम में भाजपा की सरकार है. नागालैंड व मेघालय में भी भाजपा के सहयोग से सरकार चल रही है, जबकि पहले पूर्वोत्तर के राज्यों में परमिट लेकर जाना पड़ता था. नक्सल प्रभावित राज्यों में नक्सली घटनाओं पर लगाम लगा है और वहां विकास की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ी है.

हवाई चप्पल पहनने वाले नागरिकों का जल्द पूरा होगा हवाई यात्रा करने का सपना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास के प्रतिमान गढ़े जा रहे हैं. इंफ्रास्ट्रक्चर, हाईवे रेलवे, एयरपोर्ट आदि सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास हो रहा है. पीएम मोदी की परिकल्पना है कि हवाई चप्पल पहनने वाला नागरिक भी हवाई यात्रा कर सके. यह परिकल्पना पूरी होती नजर आ रही है. 1947 से 2014 तक देश में कुल 74 एयरपोर्ट थे जबकि 2014 से 2022 के बीच 74 नए एयरपोर्ट बनाए गए हैं. 1947 से 2014 तक देश में सिर्फ 5 एम्स थे जबकि 2014 से 2022 तक 15 नए बनाए गए है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से एक जिला एक मेडिकल कॉलेज की परिकल्पना को भी साकार किया जा रहा है. देश में प्रतिदिन 35 किलोमीटर हाईवे का विस्तार हो रहा है. रेलवे की नई परियोजनाएं आगे बढ़ रही हैं. वाटरवेज (जलमार्ग) बनाए जा रहे हैं. हर एक स्तर पर विकास के जरिये नागरिकों को बेहतरीन सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं.

80 करोड़ो लोगों को मिल रही है मुफ्त राशन की सुविधा

इस अवसर पर सीएम ने कहा कि विकास के साथ ही जन कल्याणकारी योजनाओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के हर व्यक्ति को सम्मानजनक जीवन जीने का आधार प्रदान किया है. उनका 9 वर्ष का कार्यकाल सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण को समर्पित है. आज किसी गरीब को यह चिंता नहीं होती है कि वह शाम को क्या खाएगा. कोरोना काल से ही देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन की सुविधा दी जा रही है. किसी भी गरीब महिला को बारिश में अब खाना पकाने की चिंता नहीं होती है, उज्जवला योजना से मिले निशुल्क रसोई गैस कनेक्शन ने उसकी चिंता दूर कर दी है.

अब किसी को नहीं है घर की चिंता

उन्होंने आगे कहा कि, किसी भी गरीब को अब घर की चिंता नहीं है, प्रधानमंत्री आवास योजना से 3.5 करोड़ गरीबों को पक्के मकान बना कर दिए गए हैं. 48 करोड़ गरीबों के बैंक खाते खोले गए और कल्याणकारी योजनाओं की धनराशि सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाती है. यदि किसी ने भी उनसे घूस की मांग की तो उसके लिए जेल का रास्ता साफ है. सीएम ने आगे कहा कि, इलाज की सुविधा के लिए 50 करोड़ लोगों को आयुष्मान योजना से पांच लाख स्वास्थ्य बीमा से कवर किया गया है. पीएम मोदी के नेतृत्व में समाज के हर वर्ग किसान, महिला, नौजवान, बुजुर्ग, निराश्रित, श्रमिक आदि सभी के लिए कल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं. कोई भी तबका इससे लाभान्वित होने से वंचित नहीं रहेगा.

गोरखपुर को मिली सौगातों से किया कार्यकर्ताओं को प्रेरित

बैठक में मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी के 9 वर्ष के कार्यकाल के उपलक्ष्य में एक माह तक चलने वाले 14 प्रकार के कार्यक्रमों से सभी कार्यकर्ताओं को जुड़ने का आह्वान किया. इसके लिए उन्होंने पीएम मोदी के मार्गदर्शन में गोरखपुर को मिली विशेष सौगातों का भी उल्लेख किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि गोरखपुर में खाद कारखाना, एम्स और इंसेफेलाइटिस उन्मूलन सपना था. प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से यहां 110 फीसद क्षमता से खाद कारखाना चल रहा है, एम्स भी खुल चुका है, इंसेफेलाइटिस भी नियंत्रण में है. उन्होंने कहा कि भाजपा न केवल दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है बल्कि यह भारतीय मूल्यों, आदर्शों के प्रति समर्पित आमजन व कार्यकर्ताओं की पार्टी है. उन्होंने कहा किआमजन के हित में किए गए कार्यों का श्रेय भी पार्टी को मिलना चाहिए, इसके लिए ही माहभर के विशेष कार्यक्रम तय किए गए हैं. बता दें कि कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने साथ लाए टिफिन से सबके साथ भोजन किया.  साथ ही बैठक में 328 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital