कर्नाटक के कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री आरवी देशपांडे के एक बयान को लेकर बवाल खड़ा हो गया है. उनपर कथित तौर पर एक महिला पत्रकार के साथ अमर्यादित टिप्पणी करने का आरोप लगा है. जिसको लेकर उनकी कड़ी आलोचना की जा रही है.
सोशल मीडिया पर लोग विधायक से माफी मांगने के लिए कह रहे हैं. वहीं कांग्रेस विधायक के इस बयान को लेकर बीजेपी भी हमलावर दिख रही है. बीजेपी इसे पार्टी की मानसिकता बता रही है.
आखिर क्या है मामला?
आरवी देशपांडे नॉर्थ कर्नाटक के हलियाल से विधायक हैं. उनसे एक महिला पत्रकार ने सवाल पूछा था जो कि जोएडा तालुका में बनने वाले अस्पताल को लेकर था. इस अस्पताल की कमी के चलते महिलाओं खासकर गर्भवती महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
इसके जवाब में विधायक देशपांडे ने कहा कि, तुम चिंता मत करो, तुम्हारी हलियाल में करा देंगे. कथित तौर पर विधायक ने ये बयान देते हुए ना सिर्फ मुस्कुरा रहे थे बल्कि महिला पत्रकार को आंख भी मार रहे थे.
“जब आपकी डिलीवरी का समय आएगा तो हम करा देंगे”
महिला पत्रकार कांग्रेस विधायक आरवी देशपांडे के इस बयान को सुनकर दंग रह गई. उसने फिर हैरानी में पूछा; क्या सर? तो विधायक ने कहा कि “जब आपकी डिलीवरी का समय आएगा तो हम करा देंगे.”
इसके बाद महिला पत्रकार ने देशपांडे को अपना जवाब दिया, कि आपके इलाके में जनता अस्पताल चाहती है आपको इसे अपने कार्यकाल में पूरा करा देना चाहिये.
मीडिया से बातचीत करते हुए महिला पत्रकार ने बताया कि, हलियाल में अस्पताल की सख्त जरूरत है. इसको लेकर उसने विधायक से सवाल पूछा. लेकिन उनके जवाब से मैं हैरान रह गई. महिला पत्रकार ने बताया कि उन्होंने कभी भी इस तरह का बेहूदा बयान देते नहीं सुना.
आरवी देशपांड के इस बयान की हो रही निंदा
वहीं आरवी देशपांड के इस बयान पर चारों तरफ कांग्रेस की निंदा हो रही है. विपक्ष ने इसे महिलाओं का अपमान करार दिया है. विपक्ष का कहना है कि देशपांडे का यह बयान उनकी पार्टी की ओछी मानसिकता दिखाता है.
कांग्रेस की राजनीति महिलाओं के अपमान तक सीमित
भाजपा प्रवक्ता विजय प्रसाद ने कहा कि, महिलाओं का अपमान करना राजनीति नहीं बल्कि नैतिक दिवालियापन है. राहुल गांधी घूम-घूमकर प्रेम और सम्मान की बात करते हैं. लेकिन उनके नेता यहां नफरत फैला रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की मानसिकता को दिखा रहा है. कांग्रेस की पूरी राजनीति ही अपमान और परिवार पर हमले तक ही सीमित है.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


