Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

Covid-19 In UP: यूपी में बढ़ रहे कोरोना के मरीज, CM योगी ने अधिकारियों को किया अलर्ट, अस्पतालों और वेंटिलेटर के लिए दिए महत्वपूर्ण आदेश

Covid-19 In UP: प्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना से संक्रमित कुल 446 नए रोगी सामने आए हैं. इस तरह से प्रदेश में अब सक्रिय केस बढ़कर 1,791 हो गए हैं.

CM Yogi

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो)

Edited by Nitish Pandey

Covid-19 In UP: यूपी में बढ़ते कोरोना को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार देर रात राज्य स्तरीय कोविड सलाहकार समिति और उच्चस्तरीय टीम-9 के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर प्रदेश की स्थिति की समीक्षा की. इसी के साथ जनता के हित में सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.

इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि, बीते कुछ दिनों से देश के विभिन्न राज्यों में कोविड के मामलों में बढ़ोत्तरी देखी जा रही है. वर्तमान में ही देश में करीब 40 हजार से अधिक एक्टिव केस कोरोना के हैं. हालांकि उत्तर प्रदेश में स्थिति नियंत्रण में है. यहां न केवल पॉजिटिव दर कम है, बल्कि जो कोरोना संक्रमित मरीज मिल रहे हैं, उनकी स्थिति भी सामान्य है. अगर स्वास्थ्य विशेषज्ञों की मानें तो ये स्थिति घबराने की नहीं, बल्कि सतर्क और सावधान रहने की है.

प्रदेश में 1791 है एक्टिव केस

बैठक में योगी ने जानकारी दी कि प्रदेश में 1791 एक्टिव केस हैं और अप्रैल माह में अब तक पॉजिटिव दर 0.65 प्रतिशत रही है. पिछले अनुभवों को ध्यान में रखते हुए यह आवश्यक होगा कि हम हर स्तर पर सतर्क रहें. उन्होंने आगे कहा कि हमें अलर्ट मोड पर रहना होगा. लखनऊ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, वाराणसी, आगरा और मेरठ जिले में विशेष सतकर्ता बरतने की जरूरत है. कोरोना के हर संदिग्ध मरीज को तत्काल चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई जाए. स्थानीय जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित करते हुए सभी जिलों में डेडिकेटेड कोविड अस्पताल तत्काल क्रियाशील कर दिए जाएं.

जहां वेंटिलेटर हों, वहां पर एनेस्थेटिक की तैनाती जरूर की जाए

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि कोविड से बचाव के लिए उत्तर प्रदेश में सभी जरूर लॉजिस्टिक उपलब्ध हैं. इसी के साथ ये भी कहा कि विगत वर्ष स्थापित सभी ऑक्सीजन प्लांट क्रियाशील हों. अस्पतालों व मेडिकल कॉलेजों को उपलब्ध कराए गए वेंटिलेटर एक्टिव हों. पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती हो. सीएम ने ये भी कहा कि जहां वेंटिलेटर हों, वहां पर एनेस्थेटिक की तैनाती जरूर की जाए.

ये भी पढ़ें-“हमारी माफियागीरी तो पहले ही खत्म हो गई, मिट्टी में मिल गए, अब रगड़ा जा रहा”- गिड़गिड़ाता नजर आया अतीक अहमद

मॉक ड्रिल की कमियों को ठीक किया जाए

बैठक में सीएम योगी ने कहा कि विगत दिनों आयोजित प्रदेशव्यापी मॉक ड्रिल में जहां भी जिस तरह की कमियां पाई गईं, उसे तत्काल ठीक किया जाए. सभी 75 जनपदों में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं के जरूरी और पुख्ता इंतजाम किए जाएं. इसी के साथ इंटीग्रेटेड कोविड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर को भी तत्काल एक्टिव किया जाए.

यूपी में कोरोना के इतने मिले नए मरीज

प्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना से संक्रमित कुल 446 नए रोगी सामने आए हैं. सबसे ज्यादा 97 नए मरीज लखनऊ में मिले हैं तो वहीं गौतमबुद्ध नगर में 69, गाजियाबाद में 50, मेरठ में 18, बिजनौर में 16, आगरा में 14, बुलंदशहर में 12 ,वाराणसी में 11 और झांसी में 10 नए रोगी मिले हैं. तो राहत की बात ये है कि 149 मरीज स्वस्थ भी हो गए हैं. इस तरह से प्रदेश में अब सक्रिय केस बढ़कर 1,791 हो गए हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital