Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

BJP के 2 नेताओं को जेल में डाल दो इनकी पार्टी टूट जाएगी; हमारे सारे बड़े नेता जेल भेज दिए पर हम नहीं टूटे: केजरीवाल

आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने सदन में विपक्षी दल भाजपा पर करारा हमला बोला. केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने हमारे टॉप फाइव नेताओं को जेल भेज दिया लेकिन आम आदमी पार्टी टूट नहीं पाई.

Arvind Kejriwal News: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान भारतीय जनता पार्टी के नेताओं एवं केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा. साथ ही उन्होंने अपनी जमानत के लिए सुप्रीम कोर्ट का शुक्रिया भी अदा किया.

केजरीवाल ने भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, “इन लोगों ने मुझे और मनीष सिसोदिया समेत हमारे सारे बड़े नेताओं को सलाखों के पीछे भेज दिया. मैं दावे के साथ कहता हूं कि अगर आपके (बीजेपी) 2 नेताओं को भी जेल भेज दिया, तो आपकी पार्टी दूर-दूर तक नजर नहीं आएगी. बीजेपी टूट जाएगी, लेकिन हमारी पार्टी टूटी नहीं. हमारी पार्टी बनी रही. हम एकजुट रहे और आगे भी रहेंगे.”

उन्होंने कहा, “विपक्ष मुझे और सिसोदिया को देखकर दुखी है. पीएम मोदी एक ताकतवर नेता हैं, लेकिन भगवान नहीं.”

उन्होंने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “कुछ लोगों ने मेरे खिलाफ कई साजिशें रचीं, लेकिन उनकी सभी साजिशें ध्वस्त हो गईं. आज मैं दिल्ली वालों के आशीर्वाद की बदौलत जेल से छूट पाया हूं. यह सब कुछ लाखों लोगों की दुआओं की बदौलत मुमकिन हो पाया है.”

उन्होंने कहा, “जेल से आने के बाद मेरी भाजपा के एक नेता से मुलाकात हुई, तो मैंने उनसे लगे हाथों पूछ ही लिया कि आप लोगों को मुझे जेल भेजकर क्या मिला. उन्होंने कहा कि हम ऐसा करके दिल्ली को ठप करने में सफल रहे. अब हम पूरी दिल्ली ठप कर चुके हैं.”

arvind kejriwal

75 साल वाले नियम का जिक्र

अरविंद केजरीवाल ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “भाजपा जहां एक तरफ 75 साल वाले नियम को अपने सभी नेताओं पर लागू करने की वकालत कर रही है, लेकिन दूसरी तरफ वह अपने एक नेता पर इस नियम को लागू नहीं होने दे रही है.”

उन्होंने आगे कहा, “अब तक मैंने अपने जीवन में तीन बार इस्तीफा दिया है. सबसे पहली बार मैंने 2006 में आयकर संयुक्त आयुक्त के पद से इस्तीफा दिया था. इसके बाद मैंने 2014 में सीएम पद से इस्तीफा दिया था और अब मैंने इस बार इस्तीफा दिया है. मैं एक बार फिर से स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि मुझे पद का कोई लालच नहीं है. अगर किसी को लगता है कि मुझे किसी पद का लालच है, तो यह उसकी गलतफहमी है.”

‘मुझे जेल भेजने से दिल्ली वालों का नुकसान हुआ’

उन्होंने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “ये लोग कह रहे हैं कि जेल जाने से केजरीवाल को नुकसान हुआ है, तो मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि जेल जाने से मुझे नुकसान नहीं हुआ है, बल्कि दिल्ली वालों का नुकसान हुआ है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता.”

केजरीवाल ने कहा, “ये लोग जनता को परेशान करके वोट लेना चाहते हैं. इन लोगों ने मेरे जेल जाने के बाद दिल्ली का विकास कार्य ठप कर दिया. इन लोगों ने बुजुर्गों के लिए तीर्थ यात्राओं की सुविधा बंद कर दी. ये दिल्ली वालों का विकास नहीं चाहते हैं. इन लोगों ने बुजुर्गों की पेंशन रोक दी. ये लोग केजरीवाल की तरह जनता का हित नहीं चाहते हैं.”

उन्होंने आगे कहा, “जब मैंने इस्तीफा दे दिया, तो भाजपा को कुछ समझ नहीं आया कि अब क्या करें. चुनाव में अब भाजपा जवाब देगी कि केजरीवाल चोर है या उन्हें भेजने वाले चोर हैं.”

– भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital