Urdu Conclave 2026

दिल्ली के कोने-कोने में भाजपा नेताओं ने चलाया सफाई अभियान, मेट्रो स्टेशनों के बाहर से हटाया कूड़ा

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में दिल्ली भाजपा ने राजधानी के सभी 256 मंडलों में एक साथ बड़ा स्वच्छता अभियान आयोजित किया. पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर में प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और विधायक अभय वर्मा ने खुद झाड़ू लगाकर इसकी शुरुआत की.

Delhi BJP Swachhata Abhiyan Across 256 Mandals Harsh Malhotra

Delhi BJP Swachhata Abhiyan: विवेक/दिल्ली: केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 साल पूरे होने के मौके पर आज दिल्ली भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पूरी राजधानी में एक बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया. दिल्ली के सभी 256 मंडलों में एक साथ शुरू हुए इस अभियान के तहत भाजपा के तमाम बड़े नेता, विधायक, पार्षद और जमीन से जुड़े कार्यकर्ता सड़कों पर झाड़ू थामे नजर आए.

लक्ष्मी नगर से की शुरुआत

इस महा-अभियान की सांकेतिक शुरुआत पूर्वी दिल्ली के मशहूर लक्ष्मी नगर मेन मार्केट से हुई. यहां दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने स्थानीय विधायक अभय वर्मा के साथ मिलकर सफाई अभियान की कमान संभाली. नेताओं ने खुद हाथों में झाड़ू लेकर न सिर्फ सड़कों को साफ किया, बल्कि लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन परिसर के आसपास जमी गंदगी को भी हटाया. इस दौरान उन्होंने बाजार के दुकानदारों और आम जनता से दिल्ली को स्वच्छ बनाने में सहयोग की अपील की.

सफाई के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि स्वच्छता कोई एक दिन का काम नहीं है, बल्कि यह लगातार चलने वाली प्रक्रिया है. उन्होंने दिल्ली नगर निगम (MCD) के सफाई कर्मियों की मेहनत की तारीफ की और लोगों को नसीहत दी कि शहर को सुंदर बनाए रखने के लिए कूड़ा सही जगह पर ही फेंकें.

2014 का संकल्प आज भी जारी

हर्ष मल्होत्रा ने याद दिलाया कि साल 2014 में जब पीएम मोदी ने लाल किले की प्राचीर से ‘स्वच्छ भारत अभियान’ का आह्वान किया था, तब लोगों को लगा था कि यह सिर्फ एक सरकारी योजना है. लेकिन आज यह देश का सबसे बड़ा जन-आंदोलन बन चुका है.

इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता कांगड़ा, शाहदरा जिला अध्यक्ष दीपक गाबा और स्थानीय पार्षद रामकुमार शर्मा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे. भाजपा का कहना है कि दिल्ली को पूरी तरह से साफ और सुंदर बनाने के लिए आने वाले दिनों में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम पूरी दिल्ली में चलाए जाते रहेंगे.

ये भी पढ़ें: दिल्ली में सजा पत्रकारिता का महाकुंभ, 12 पत्रकारों को मिला देवऋषि नारद सम्मान

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read