पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल.
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि झुग्गीवासियों के नाम पर बुलाई गई जनसभा पूरी तरह फ्लॉप रही और “आप” नेताओं के भाषणों में एक बार फिर उनका अराजक और असंवैधानिक चेहरा उजागर हो गया. उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का नेतृत्व पिछले एक महीने से जनता को गुमराह कर रहा था, लेकिन झुग्गीवासियों ने उनके इस झूठे प्रचार को सिरे से नकार दिया है.
सचदेवा ने सवाल उठाया कि दस साल की सत्ता में रहते हुए आम आदमी पार्टी ने झुग्गीवासियों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए आखिर क्या किया? उन्होंने कहा कि झुग्गीवासी अब खुद “आप” नेताओं से जवाब मांग रहे हैं.
दस साल में झुग्गीवासियों के लिए क्या किया?
उन्होंने आरोप लगाया कि जब आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल और गोपाल राय अपने कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री आवास की ओर उकसा रहे थे, तब झुग्गीवासियों के मन में यही सवाल था कि दस साल में खुद के लिए शीशमहल बनाने वाले मुख्यमंत्री ने नरेला और बवाना में बनाए गए फ्लैट गरीबों को क्यों नहीं दिए?
सचदेवा ने केजरीवाल पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाते हुए कहा कि जो नेता आज झुग्गीवासियों के लिए घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं, उन्होंने कोविड काल में इन्हीं गरीबों को संरक्षण देने के बजाय गांव की ओर भगा दिया था.
कोविड काल में गरीबों को भटकाने का आरोप
प्रधानमंत्री आवास पर हमले की घोषणा को उन्होंने आप नेताओं का “नक्सलवादी चेहरा” करार दिया और कहा कि ऐसे शब्दों और सोच के लिए सभ्य समाज में कोई जगह नहीं है.
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने दोहराया कि भाजपा सरकार झुग्गीवासियों को बेहतर जीवन देने के लिए कटिबद्ध है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कालकाजी, जेलरवाला बाग, कलंदर कॉलोनी और कठपुतली कॉलोनी जैसे इलाकों में पुनर्वास कर दिखाया है, और “जहां झुग्गी, वहां मकान” अभियान के तहत आगे भी झुग्गीवासियों को सम्मानजनक जीवन देने की दिशा में कार्य करती रहेगी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
