Delhi Crime News: गोसिया ताज/दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली, दुनिया में अपनी सियासी हलचल के लिए जानी जाती है. हालांकि, इन दिनों यह देश में अपराध, अपराधियों और असुरक्षा के लिए चर्चा में है. पिछले कुछ दिनों में कुल 900 लोग गायब हो चुके है. अब तक 538 लोगों का अभी कोई सुराग नहीं मिल पाया है. इस मुद्दे पर चर्चा चल ही रही थी कि गुरुवार को पूर्वी दिल्ली में फिर से एक खौफनाक मामला सामने आ गया. बुधवार बेकरी में दो हथियारबंद बदमाशों ने लूट के इरादे से धावा बोल दिया. हालांकि, युवक ने हिम्मत दिखाई और उन्हें भागने पर मजबूर कर दिया.
लोगों के गायब होने की खबर के बाद एक और दहशत फैलाने वाला मामला पूर्वी दिल्ली से सामने आ रहा है. मार्केट एसोसिएशन के प्रधान महिपाल शर्मा की बेकरी में दो हथियारबंद बदमाशों ने लूट के इरादे से धावा बोल दिया. दोनों बदमाशों से भिड़ गए और बदमाशों को मार भगाया. पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. पुलिस जांच में जुटी.
हिम्मत और समझदारी का प्रमाण
महिपाल शर्मा, मौजपुर मार्केट में मयूर नाम से बेकरी चलाते हैं. सोमवार रात को उनका बेटा देवेंद्र अपने कर्मचारी के साथ बेकरी पर मौजूद थे. रात 10:45 बजे वह बेकरी बंद कर रहे तभी मास्क लगाए दो बदमाश बंदूक की नोक पर दुकान में घुस गये और उन पर पिस्टल तान दी. पहले तो बदमाशों ने देवेंद्र व उसके कर्मचारी से गाली गलौज की उसके बाद रकम मांगने लगे.
बदमाश मौके पर फरार
निहत्थे दुकानदार देवेंद्र ने हिम्मत दिखाते हुए एक बदमाश की पिस्टल पर हाथ मारा और दोनों बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया और इसके बाद जोर जोर से शोर मचाने लगा जिसके बाद पकड़े जाने के डर से बदमाश भाग गए. शोर की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदारों की भीड़ जुट गई.
सीसीटीवी में वारदात कैद
इस घटना के बाद जब बेकरी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो पूरी वारदात उसमें कैद थी. बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से पता चला बदमाश बाइक से आए थे और पैदल भागे. जब मौके पर भीड़ जुटी थी तो बदमाशों के दो साथी स्कूटी पर चुपके से आए और चुपचाप बाइक लेकर चले गए थे.
पुलिस जांच में जुटी
घटना के तुरंत बाद इस पूरी वारदात की जानकारी पुलिस को दी गई. जिसके बाद जाफराबाद थाना पुलिस जांच कर रही है. एसोसिएशन के प्रधान महिपाल शर्मा की दुकान में इस वारदात के बाद अब लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

