Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

Delhi Election 2025: मुफ्त की रेवड़ियों के सहारे सत्ता पाने की जुगत में राजनीतिक दल

5 फरवरी को होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी, बीजेपी और कांग्रेस सत्ता पाने के लिए दिल्ली वासियों को मुफ्त की योजनाओं से लुभाने की कोशिश में लग गए हैं.

नरेंद्र मोदी, अरविंद केजरीवाल और राहुल गांधी. (फोटो: IANS)

Delhi Election 2025: दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) की मुफ्त की रेवड़ी स्कीम देशभर में चर्चा का विषय बनी हुई है. ऐसे में विधानसभा चुनाव के ठीक पहले नई घोषणाओं की झड़ी लगी हुई है. लगभग हर दूसरे तीसरे दिन आम आदमी पार्टी नहीं घोषणाएं कर रही है. मजबूरन भारतीय जनता पार्टी (BJP) भी उन सभी घोषणाओं पर अमल करने का वायदा कह रही है.

कांग्रेस भी इसमें पीछे नहीं है. AAP की महिला सम्मान निधि के तहत 2100 रुपये देने की घोषणा की कांग्रेस ने इसे बढ़ाकर 2,500 कर दिया है. पिछले एक दशक यानी कि दो विधानसभा चुनाव में एक भी विधायक नहीं रखने वाली कांग्रेस का दावा है कि अगर उसकी सरकार बनी तो 2,500 रुपये महिला सम्मान निधि देगी. 2025 दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप, बीजेपी और कांग्रेस सत्ता पाने के लिए दिल्ली वासियों को मुफ्त की योजनाओं से लुभाने की कोशिश में लग गए हैं.

दिल्ली में कुल वोटर

चुनाव आयोग ने फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी है. दिल्ली में इस बार कुल 1 करोड़ 55 लाख 24 हजार 858 वोटर हैं. चुनाव आयोग के मुताबिक, दिल्ली के 2025 चुनाव में कुल 1.55 करोड़ से ज्यादा वोटर्स अपने मतों का इस्तेमाल कर सकेंगे. इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 83,49,645 जबकि महिला वोटर्स की संख्या 71,73,952 है. वहीं, थर्ड जेंडर की संख्या 1,261 है.

दलों की घोषणाएं

दिल्ली चुनाव में राजनीतिक पार्टियों द्वारा किए गए वादे और घोषणाएं हमेशा से चुनावी माहौल को गर्माते रहे हैं. आम आदमी पार्टी (AAP), भारतीय जनता पार्टी (BJP), और कांग्रेस (Congress) ने इस बार भी मतदाताओं को लुभाने के लिए कई योजनाओं और वादों की झड़ी लगाई है.

AAP की नई घोषणाएं

1. पुजारी-ग्रंथी सम्मान योजना (30 दिसंबर 2024): इस योजना के तहत दिल्ली के मंदिरों के पुजारियों और गुरुद्वारों के ग्रंथियों को प्रति माह ₹18,000 की सम्मान राशि दी जाएगी.

2. संजीवनी योजना (18 दिसंबर 2024): 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को मुफ्त चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए यह योजना बनाई है.

3. महिला सम्मान योजना (12 दिसंबर 2024): इस योजना के तहत 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को प्रति माह ₹2,100 की आर्थिक सहायता दी जाएगी.

4. ऑटो चालकों के लिए घोषणाएं: ऑटो चालकों के लिए चार प्रमुख घोषणाएं की गई हैं. जिसमें जीवन बीमा कवरेज: ₹10 लाख, बेटियों की शादी में सहायता: ₹1 लाख, दिवाली और होली पर भत्ता: ₹2,500 प्रति त्योहार और बच्चों की कोचिंग के खर्च की व्यवस्था शामिल है.

5. बुजुर्गों के लिए पेंशन योजना (21 नवंबर 2024): इस योजना के तहत 5 लाख बुजुर्गों को प्रति माह ₹2,500 तक की पेंशन दी जाएगी. पहले से चल रही पेंशन योजना में 80,000 नए लाभार्थियों को जोड़ा गया है. इन योजनाओं की घोषणा के बाद, दिल्ली सरकार के कुछ विभागों ने ‘संजीवनी’ और ‘मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना’ पर सवाल उठाए हैं, जिससे अरविंद केजरीवाल की मुश्किलें बढ़ी हैं.

केजरीवाल सरकार की पुरानी घोषणाएं

1. मुफ्त सुविधाएं: बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में मुफ्त सेवाएं देने का वादा.

2. स्वास्थ्य क्षेत्र: मोहल्ला क्लीनिक की संख्या बढ़ाने और सरकारी अस्पतालों को और सशक्त बनाने का लक्ष्य.

3. शिक्षा सुधार: सरकारी स्कूलों में बेहतर सुविधाएं और नई यूनिवर्सिटीज खोलने की योजना.

4. महिलाओं के लिए सुरक्षा और सुविधाएं: महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा और सीसीटीवी कैमरे लगाने का वादा.

BJP की घोषणाएं

बीजेपी का घोषणा पत्र आना अभी बाकी है. फिर भी केजरीवाल सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाएं मसलन मुफ्त बिजली 200 यूनिट तक, मुफ्त पानी और महिलाओं की मुफ्त बस यात्रा पर भाजपा हामी भर चुकी है. इसके अलावा नए वायदे भी किए जा रहे हैं.

1. केंद्रीय योजनाओं का विस्तार: प्रधानमंत्री आवास योजना जिसमें जहां झोपड़ी वहां घर. आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं को दिल्ली में लागू करने का वादा.

2. स्मार्ट सिटी: दिल्ली को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने का लक्ष्य.

3. यमुना सफाई और इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार: यमुना नदी की सफाई और ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने का वादा.

4. घुसपैठ रोकथाम: अवैध कॉलोनियों को नियमित करने और सुरक्षा बढ़ाने का मुद्दा.

कांग्रेस की घोषणाएं

1. पुरानी योजनाओं की वापसी: शीला दीक्षित सरकार की योजनाओं को दोबारा लागू करने का वादा.

2. रोजगार के अवसर: युवाओं को रोजगार देने के लिए नई योजनाएं.

3. महंगाई पर नियंत्रण: गैस सिलेंडर और बिजली के दाम कम करने का वादा.

4. महिलाओं और बच्चों के लिए योजनाएं: स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में विशेष ध्यान.

दिलचस्प होगा दिल्ली चुनाव

AAP अपने ‘काम की राजनीति’ को प्रमुखता दे रही है और मुफ्त सेवाओं पर जोर दे रही है. वही बीजेपी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी योजनाओं और मजबूत नेतृत्व का प्रचार कर रही है. बात यदि कांग्रेस की करें तो वह शीला दीक्षित सरकार की उपलब्धियों को याद दिलाने और नई योजनाओं से वापसी की बात कर रही है. यह देखना दिलचस्प होगा कि जनता इन वादों पर कितना विश्वास करती है और किसे सत्ता सौंपती है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital