Delhi Murder Khyala Factory: राजेश/दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के पश्चिमी जिले से एक बेहद सनसनीखेज और रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है. यहाँ ख्याला थाना इलाके के प्रधान चौक के पास बनी एक जींस फैक्ट्री में तड़के सुबह कुछ बदमाशों ने सोते हुए मजदूरों पर कैंची से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस खूनी खेल में 26 साल के एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि उसे बचाने आए दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतक की पहचान फिरोज (26) के रूप में हुई है.
सोते समय अचानक हुआ हमला
जानकारी के मुताबिक, वारदात आज सुबह की है जब फैक्ट्री के अंदर सभी मजदूर गहरी नींद में सो रहे थे. तभी अचानक तीन से चार युवक फैक्ट्री के अंदर घुस आए. उनके हाथों में कैंची जैसा नुकीला और तेजधार हथियार था. आरोपियों ने सोते हुए फिरोज पर हमला बोल दिया और उसकी छाती व पेट पर एक के बाद एक कई वार किए. जब साथ सो रहे दो अन्य युवकों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उन पर भी जानलेवा हमला कर दिया.
घायल युवकों में से एक ने किसी तरह वहां से भागकर पड़ोस में शोर मचाया, जिसे सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे. भीड़ को आता देख सभी आरोपी मौके से फरार हो गए. आनन-फानन में घायलों को दीनदयाल उपाध्याय (DDU) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने फिरोज को मृत घोषित कर दिया.
3 दिन पुराने झगड़े का बदला
स्थानीय सूत्रों और पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि करीब तीन दिन पहले इन युवकों का आपस में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था. आज सुबह आरोपी उसी रंजिश का बदला लेने के लिए पूरी प्लानिंग के साथ आए थे. वारदात की सूचना मिलते ही ख्याला थाना पुलिस और क्राइम टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फैक्ट्री के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द दबोचा जा सके.
ये भी पढ़ें: जमीन विवाद पर आर-पार: कांग्रेस ने मोहन यादव को घेरा, तो बीजेपी ने खड़गे परिवार पर लगाया 24 एकड़ हड़पने का आरोप
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
