मुकेश राणा, दिल्ली
Najafgarh Murder Case: दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में शुक्रवार शाम को हुई गैंगवॉर के दौरान एक युवक की गोलियों से हत्या कर दी गई. वारदात के बाद हत्यारों का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें वे मौके से भागते नजर आ रहे हैं.
फुटेज में दिख रहा है कि तीन हमलावर काली बाइक पर सवार थे. उनमें से दो ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि तीसरे ने चेहरे को कपड़े से ढका हुआ था. पुलिस ने बताया कि ये सभी आरोपी डिचाऊं पेट्रोल पंप के पास पहुंचे और कार में बैठे नीरज तेहलान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी.
नीरज तेहलान की उम्र करीब 33 साल थी और नंगली सकरावती का रहने वाला था. वह 2024 में हुए सोनू कान्हा और आशीष की डबल मर्डर केस का गवाह भी था. इसी कारण पुलिस को आशंका है कि इस हत्याकांड की साजिश विदेश में बैठे संजय दहिया और प्रत्यर्पित हर्ष धनकड़ ने रची हो सकती है. मृतक नीरज पर भी हत्या और जबरन वसूली समेत तीन आपराधिक केस दर्ज थे. उसकी पुरानी रंजिशों को भी वारदात की वजह माना जा रहा है.
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने तुरंत कई टीमें बनाकर जांच शुरू कर दी है. आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज को महत्वपूर्ण सुराग माना जा रहा है. फिलहाल दिल्ली पुलिस की टीमें आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रही हैं.
ये भी पढ़ें: दिल्ली हाईकोर्ट ने रक्षा मंत्रालय की 300 याचिकाएं खारिज कीं, सैनिकों की विकलांगता पेंशन को बताया उनका अधिकार
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


