Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश से गर्मी से मिली राहत, मॉनसून ने तय वक्त से पहले दी दस्तक

आईएमडी के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून अब पूरे देश में फैल चुका है. इस बार मॉनसून ने 24 मई को ही केरल में दस्तक दे दी थी, जो 2009 के बाद का सबसे जल्दी आगमन है. केरल में 2009 में 23 मई को मॉनसून आया था.

Monsoon 2025

मानसून 2025

दिल्ली-NCR के लोगों के लिए रविवार की दोपहर राहत की फुहारें लेकर आईं. कड़कती धूप और उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों ने जैसे ही आसमान में काले बादल देखे, चेहरे पर मुस्कान लौट आई. कुछ ही देर में तेज बारिश शुरू हो गई और मौसम एकदम खुशनुमा हो गया.

मौसम विभाग की मानें तो इस बार मॉनसून ने अपने तय समय से एक दिन पहले, यानी 30 जून से पहले ही राजधानी में दस्तक दे दी है.

तेज हवाएं और गरज-चमक के आसार

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आने वाले कुछ घंटों में दिल्ली-NCR में तेज हवाएं चल सकती हैं जिनकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है. साथ ही गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने के भी पूरे आसार हैं. मौसम विभाग ने सोमवार को भी बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है. इससे गर्मी से फिलहाल राहत मिलने की पूरी उम्मीद है.

देशभर में फैल चुका है मॉनसून

आईएमडी के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून अब पूरे देश में फैल चुका है. इस बार मॉनसून ने 24 मई को ही केरल में दस्तक दे दी थी. जो 2009 के बाद का सबसे जल्दी आगमन है. केरल में 2009 में 23 मई को मॉनसून आया था. दिल्ली में मॉनसून की आमद 30 जून मानी जाती है, लेकिन इस बार 29 जून को ही बारिश ने शहर की सरहदें छू लीं.

आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक नरेश कुमार ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में बने लो-प्रेशर सिस्टम की वजह से देश के अधिकतर हिस्से इस वक्त मॉनसूनी बादलों के असर में हैं. यही सिस्टम गुजरात के ऊपर भी सक्रिय है, जिसने मॉनसून को राजस्थान और NCR की ओर बढ़ने में मदद की है.

ये भी पढ़ें- किसी के बाप का नहीं है यह देश… ‘वक्फ बचाओ दस्तूर बचाओ रैली’ में बीजेपी के खिलाफ खूब गरजे तेजस्वी यादव

पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहां बंगाल की खाड़ी में बने मौसम तंत्र के कारण भीषण बारिश होने की संभावना है.

वहीं, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी रेड अलर्ट है, क्योंकि यहां तेज बारिश के चलते भूस्खलन और अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का खतरा बना हुआ है. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है, जहां मध्यम से भारी बारिश हो सकती है.

पूरा हफ्ता रहेगा भीगा-भीगा

IMD ने साफ कर दिया है कि इस हफ्ते देश के कई हिस्सों में लगातार बारिश देखने को मिलेगी. गरज के साथ तेज बौछारें और रुक-रुककर होने वाली बारिश की वजह से न सिर्फ गर्मी से राहत मिलेगी, बल्कि मॉनसून की पकड़ और मजबूत होती जाएगी.

– भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read