Delhi Pollution Action Plan: ठंड आने वाली है..दिवाली भी आने वाली है.. देश में इन शब्दों को सुन लोग खुशी मनाने की तैयारी में जुट जाते हैं. हालांकि, दिल्ली NCR में ठंड और दिवाली का नाम सुनते ही लोग कांपने लगते हैं. क्योंकि, यह 4 महीने होते हैं जब दिल्ली धुंधली हो जाती है. यहां देखना तो दूर की बात सांस लेना भी कठिन हो जाता है. हालांकि, इस बार सरकार ने दिवाली से पहले दिल्ली को धुंध से आजाद कराने का ब्लीप्रिंट तैयार किया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार ने इसके लिए कमर कस ली है. सोमवार को केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव की अध्यक्षता में इसके लिए एक बैठक हुई.
भूपेंद्र यादव की बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, PWD मंत्री प्रवेश वर्मा और राज्य मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा शामिल हुए. बैठक के बाद राज्य मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि इस बार प्रदूषण के खिलाफ एक बेहद सख्त और ‘एक्शन-ओरिएंटेड’ योजना पर काम किया जा रहा है.
पेट्रोल पंपों पर सख्ती (Delhi Pollution No PUCC No Fuel)
प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सरकार ने ‘No PUCC, No Fuel’ (बिना प्रदूषण प्रमाण पत्र के ईंधन नहीं) नीति को और अधिक आक्रामक तरीके से लागू करने का फैसला किया है. इसके तहत दिल्ली के सभी 500 पेट्रोल पंपों पर ANPR (ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन) कैमरों की मदद से ‘एंड-ऑफ-लाइफ’ गाड़ियों और बिना फिटनेस वाली गाड़ियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी.
अक्टूबर महीने में इसके लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जबकि नवंबर से पीयूसी (PUC) सेंटर्स को अपग्रेड किया जाएगा. इसके अलावा, 3 ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशनों के जरिए करीब 2.5 लाख गाड़ियों की फिटनेस की जांच की जाएगी.
हॉटस्पॉट पर विशेष फोकस (Smog Control Blueprint For Delhi)
मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि दिल्ली में प्रदूषण के पहचाने गए 62 हॉटस्पॉट में से 42 जगहों पर प्रदूषण के स्तर को पहले ही नियंत्रण में लाया जा चुका है, और बाकी बची जगहों पर युद्धस्तर पर काम जारी है. स्थिति की जमीनी हकीकत परखने के लिए वे खुद सभी 11 जिला मजिस्ट्रेटों (DM) के साथ मिलकर इन हॉटस्पॉट के 3 किलोमीटर के दायरे में आने वाली गतिविधियों (जैसे श्मशान घाट, डंपिंग साइट्स और कंस्ट्रक्शन वेस्ट) का रिव्यू कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: ‘मैं संतुष्ट हूं…’, अचानक से चिराग पासवान को किस बात का संतोष मिला?
इसके साथ ही सड़कों की धूल (Road Dust) की समस्या से निपटने के लिए हर दो हफ्ते में सड़कों की ‘डीप क्लीनिंग’ का विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसमें डीपीसीसी (DPCC), एमसीडी और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीमें काम करेंगी. सर्दियों के मौसम को ध्यान में रखते हुए गरीबों और बेघरों के लिए ‘हीटिंग स्पॉट’ और अस्थायी शेल्टर बनाने का भी पूरा इंतजाम किया जा रहा है ताकि राजधानी को प्रदूषण मुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

