Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली-NCR में कुदरत का ट्रिपल अटैक; ठंड, कोहरा और प्रदूषण ने किया परेशान, जानें आपके शहर का हाल

राजधानी दिल्ली समेत पूरे NCR में शनिवार सुबह मौसम ने खतरनाक करवट ली. घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी शून्य के करीब पहुँच गई है, वहीं न्यूनतम तापमान 7 डिग्री तक गिरने का अनुमान है. प्रदूषण का स्तर (AQI) भी कई इलाकों में 400 के पार पहुँच गया है, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं.

Weather Update, Delhi NCR Weather, IMD Alert

Weather Update: राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में रहने वालों के लिए आज यानी शनिवार (20 दिसंबर) की सुबह किसी इम्तिहान से कम नहीं रही. जो लोग सुबह की सैर पर निकले या दफ्तर के लिए घर से बाहर कदम रखा, उनका सामना बर्फीली हवाओं और विजिबिलिटी को ‘जीरो’ कर देने वाले घने कोहरे से हुआ. आलम यह है कि दिल्ली इस वक्त कोहरे, प्रदूषण और कड़ाके की ठंड की तिहरी मार झेल रही है.

दिल्ली में ठंड़ का ‘ऑरेंज अलर्ट’

मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार के लिए दिल्ली में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है. इसका सीधा मतलब है कि आज दिनभर सावधान रहने की जरूरत है. आज अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि न्यूनतम पारा गिरकर 7 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है. बर्फीली हवाओं ने पहले ही दिल्लीवालों की कंपकंपी छुड़ा दी है. शनिवार सुबह पूरी दिल्ली कोहरे की एक सफेद और मोटी चादर में लिपटी नजर आई. सड़कों पर गाड़ियां रेंगती दिखीं और ड्राइवरों को लाइटें जलाकर सफर करना पड़ा.

बीते कल की राहत हुई बेअसर

शुक्रवार को मौसम ने थोड़ी नरमी दिखाई थी, जिससे लोगों को लगा था कि शायद ठंड से कुछ राहत मिलेगी. कल का अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री और न्यूनतम 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से थोड़ा ज्यादा था. लेकिन शनिवार की सुबह ने इस राहत पर पानी फेर दिया. आने वाले दो-तीन दिनों तक कोहरे से निजात मिलने की कोई उम्मीद नहीं है.

AQI अभी भी खतरे के निशान के पार

ठंड के साथ-साथ दिल्ली की हवा भी लगातार दम घोंट रही है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, आज सुबह दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 380 दर्ज किया गया. एनसीआर के अन्य शहरों की स्थिति भी कमोबेश ऐसी ही है:

गाजियाबाद: 375

गुरुग्राम: 378

फरीदाबाद: 352

नोएडा/ग्रेटर नोएडा: 362-368 के आसपास

हैरानी की बात यह है कि दिल्ली के कुछ इलाकों में तो AQI का स्तर 400 से 500 के बीच यानी ‘अति गंभीर’ श्रेणी में बना हुआ है, जो सेहत के लिए बेहद खतरनाक है.

ये भी पढ़ें- उत्तर भारत में ठंड का ‘ऑरेंज अलर्ट’: दिल्ली में सीजन की सबसे ठंडी सुबह, पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में बारिश का अनुमान

उत्तर भारत में शीतलहर का कहर

सिर्फ दिल्ली ही नहीं, पूरा उत्तर भारत इस वक्त ठिठुर रहा है. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है. पहाड़ों पर हो रही इस हलचल का असर मैदानी इलाकों में पड़ेगा और अगले 2-3 दिनों में तापमान और गिरेगा. पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में शीतलहर चल रही है. कोहरे की वजह से विजिबिलिटी कम होने के कारण हाईवे पर कई सड़क हादसों की खबरें भी सामने आई हैं.

यूपी में बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश के लोग भी कड़ाके की ठंड से बेहाल हैं. पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में आज ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में शीतलहर का प्रकोप और बढ़ेगा. इसके अलावा, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण 21 दिसंबर के बाद पंजाब और जम्मू-कश्मीर में हल्की बारिश हो सकती है, जिससे ठंड का असर और भी तीखा हो जाएगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read