Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली-NCR में मौसम ने बदली करवट, बारिश से बढ़ी ठंड, IMD का यलो अलर्ट जारी

Delhi weather updates: दिल्ली-NCR में बारिश के चलते ठंड बढ़ गई है. IMD ने यलो अलर्ट जारी किया है. तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश से जनजीवन प्रभावित होने की आशंका जताई है.

Delhi-NCR weather updates

Delhi weather updates: दिल्ली और दिल्ली-एनसीआर में हुई बारिश के चलते मौसम का मिजाज लगातार ठंडा होता जा रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पहले ही दिल्ली के मौसम में बदलाव को लेकर चेतावनी जारी की थी. 27 जनवरी के लिए बारिश को लेकर यलो अलर्ट भी घोषित किया गया था.

ठंड में हुआ इजाफा

मंगलवार की सुबह दिल्ली-एनसीआर में कोहरे और धुंध के साथ शुरू हुई, जिसके बाद चली तेज बर्फीली हवाओं ने ठंड को और बढ़ा दिया. दिनभर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई गई है. खराब मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए चेतावनी जारी की है. इस दौरान मध्यम से भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है.

मौसम विभाग के मुताबिक, सुबह से ही दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और राजस्थान के कई इलाकों में आंधी, गरज-चमक, बिजली गिरने और मध्यम से भारी बारिश के आसार बने हुए हैं. हरियाणा के सफीदों, बरवाला, महम, खरखौदा और फरुखनगर के अलावा दिल्ली के नरेला, बवाना, अलीपुर, कंझावला, रोहिणी, मुंडका और जाफरपुर जैसे इलाकों में ओलावृष्टि के साथ तेज गरज-चमक और बारिश की चेतावनी दी गई है.

आईएमडी के अनुसार, प्रभावित क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका के चलते जनजीवन प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

बारिश से ट्रैफिक जाम

बारिश के कारण दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है. सुबह के समय दृश्यता भी काफी कम रही, जिससे यातायात प्रभावित हुआ. वहीं, बारिश ने भी मुश्किलों को बढ़ा दिया. नोएडा के कुछ हिस्सों में भारी बारिश से ट्रैफिक जाम देखा गया. बीते कुछ दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड के बाद एक बार फिर बारिश और आंधी-तूफान जैसी स्थिति बन सकती है.


ये भी पढ़ें: ‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ से आपकी जेब पर क्या होगा असर? पीएम मोदी ने किया ऐलान


ठंड बढ़ने की आशंका

दिल्ली-NCR में हाल की बारिश ने तापमान को नीचे खींचा है और ठंड का असर जारी रहने का अनुमान है. अगले 2-4 दिनों में दिन का तापमान लगभग 18-22°C और रात का 4-13°C के आसपास रह सकता है (IMD अनुमान). इससे वायुमंडल में नमी बढ़ सकती है और शाम/रात में बूंदाबांदी के साथ मौसम ठंडा रहने की उम्मीद है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read