Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली: मनजिंदर सिंह सिरसा पर गोली चलने की खबर अफवाह, दिल्ली पुलिस ने बताई पूरी सच्चाई

दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा पर फायरिंग की खबरें पूरी तरह से गलत निकलीं, दिल्ली पुलिस ने पूरी सच्चाई बताई

Manjinder Singh Sirsa firing news

दिल्ली : दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा पर फायरिंग की खबरें पूरी तरह से गलत निकलीं. दरअसल, मनजिंदर सिंह सिरसा एक फैक्ट्री के विजिट पर गए थे, जहां एक सिलाई मशीन का पार्ट पड़ा हुआ था जिसे किसी ने कारतूस समझ लिया और अफवाह फैला दी कि उन पर गोली चलाई गई है. दिल्ली पुलिस ने जांच के बाद इस बात की पुष्टि की है कि फायरिंग की घटना हुई ही नहीं है. मनजिंदर सिंह सिरसा ने खुद भी इन खबरों को अफवाह बताया है.

मामले में पुलिस ने क्या कहा ?

पूरे मामले में दिल्ली पुलिस ने बताया कि दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा दोपहर के वक्त ख्याला क्षेत्र में दौरे के लिए निकल रहे थे तभी गली में कुछ टुकड़ा दिखा. ये टुकड़ा दूर से देखने पर कारतूस जैसा दिखाई दे रहा था. जांच में पता चला कि जिस टुकड़े को कारतूस समझा गया था, वह दरअसल सिलाई मशीन का एक हिस्सा था. पुलिस ने इलाके की जांच की और इस तरह की घटना होने की संभावना से पूरी तरह से इनकार कर दिया है. दिल्ली पुलिस ने पुष्टि की है कि मनजिंदर सिंह सिरसा पर फायरिंग की घटना हुई ही नहीं थी, और यह महज एक अफवाह थी.

मनजिंदर सिंह सिरसा का बयान

मनजिंदर सिंह सिरसा ने गोली चलने की खबर को पूरी तरह अफवाह बताया है. उन्होंने अपने बयान में कहा, ”मुझे निशाना बनाकर गोली चलाने की खबर पूरी तरह से गलत है. मेरे ऊपर गोलियां नहीं चली है. मैं बिल्कुल ठीक हूं.”

मनजिंदर सिंह सिरसा दिल्ली सरकार में खाद्य-आपूर्ति, उद्योग, वन और पर्यावरण मंत्री हैं. वो राजौरी गार्डन विधानसभा सीट से जीतकर आए हैं.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read