Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में सुबह और रात की हल्की ठंडक अभी भी महसूस हो रही है लेकिन 11 मई से मौसम का रुख अचानक बदल जाएगा. मौसम विभाग ने 11 और 12 मई को गरज-चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. इन दिनों अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री रहने का अनुमान है. 9 और 10 मई को आसमान साफ रहेगा और तापमान 37 डिग्री तक जा सकता है. 13 मई से मौसम सामान्य हो जाएगा और न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट देखने को मिलेगी.
पंजाब से लेकर कश्मीर तक झमाझम
दिल्ली में मौसम की करवट का असर पंजाब से लेकर जम्मू-कश्मीर तक दिखेगा. 11 मई से इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलेंगी, जिनकी रफ्तार 50 kmph तक हो सकती है. यह दौर 14 मई तक जारी रहेगा. मौसम विभाग ने यहां येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
बिहार में तूफानी खतरा
बिहार में प्री-मानसून गतिविधियां पूरी तरह सक्रिय हो चुकी हैं. पटना, गया, भागलपुर, किशनगंज, अररिया और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश और तेज तूफान की चेतावनी जारी की गई है. कई जिलों में हवाएं 70 kmph तक की रफ्तार से चल सकती हैं. ठनका गिरने का खतरा भी बना हुआ है. किसानों और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है. पटना में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रह सकता है.
यूपी और राजस्थान में आंधी-बारिश
उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी 11 मई से मौसम पलटने वाला है. यूपी में 12 से 14 मई के बीच पश्चिमी हिस्सों में और 13-14 मई को पूर्वी हिस्सों में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है. हवाओं की रफ्तार 40-50 kmph तक जा सकती है. वहीं राजस्थान में फिलहाल लू जैसे हालात बने हुए हैं. फलोदी में तापमान 44.8 डिग्री, बाड़मेर में 44.6 डिग्री और जैसलमेर में 44 डिग्री दर्ज किया गया. 9 मई से पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव का नया दौर शुरू होने का अनुमान है.
उत्तराखंड में बर्फबारी का खतरा
उत्तराखंड में अगले दो दिनों तक मौसम थोड़ा शांत रह सकता है, लेकिन 10 मई से फिर बारिश और ओलावृष्टि की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. चमोली, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है, जिससे तापमान में और गिरावट आएगी.
हिमाचल में बारिश और ओलावृष्टि
हिमाचल प्रदेश में मंडी, कुल्लू, शिमला और चंबा में तेज बारिश और अंधड़ का अलर्ट जारी किया गया है. 11 और 12 मई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब रहेगा. कई जिलों में ओलावृष्टि और तेज हवाएं चल सकती हैं. इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.
पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
असम और मेघालय में 11-12 मई को गरज-चमक के साथ बारिश होगी. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 8 से 10 मई तक और फिर 11-12 मई को बारिश का दौर चलेगा. अरुणाचल प्रदेश में 12 से 14 मई तक भारी बारिश की संभावना है.
अंडमान-निकोबार और बंगाल में बरसात
अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 9 से 13 मई तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 9 और 12 मई को, जबकि गांगेय पश्चिम बंगाल में 10 मई को गरज-चमक के साथ बारिश होगी. बिहार में 10 से 12 मई तक और झारखंड में 10 से 14 मई तक बारिश का अनुमान है. झारखंड में 9 मई को कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है.
मध्य भारत में भी बारिश
मध्य प्रदेश में आज बारिश का अनुमान है. विदर्भ में 10 मई को और छत्तीसगढ़ में 10-12 मई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश होगी. महाराष्ट्र में अगले दो दिनों तक अलग-अलग जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है.
दक्षिण भारत में भी बरसात का दौर
तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और लक्षद्वीप में 9 से 12 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश होगी. कर्नाटक में 9 से 11 मई तक उत्तरी आंतरिक हिस्सों में और 9 मई को तटीय इलाकों में बारिश का अनुमान है. अगले सात दिनों तक तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
ये भी पढ़ें-तमिलनाडु में ‘थलपति’ विजय बनाएंगे सरकार: राज्यपाल ने दिया न्योता, 9 मई को कैसे होगा शपथ ग्रहण?
एक नजर में मौसम का हाल
- दिल्ली-एनसीआर: 11-12 मई को येलो अलर्ट, बारिश और आंधी.
- पंजाब-कश्मीर: 11-14 मई तक तेज हवाएं और बारिश.
- बिहार: 70 kmph तक तूफान का खतरा.
- उत्तर प्रदेश: 12-14 मई तक पश्चिमी यूपी में बारिश, पूर्वी यूपी में 13-14 मई को.
- राजस्थान: 9 मई से हीटवेव का नया दौर.
- उत्तराखंड: ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का खतरा.
- हिमाचल: 11-12 मई को बारिश और ओलावृष्टि.
- पूर्वोत्तर: असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा और अरुणाचल में भारी बारिश.
- अंडमान-निकोबार: 9-13 मई तक लगातार बारिश.
- बिहार-झारखंड: 10-14 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश.
- मध्य भारत: एमपी, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में बारिश.
- दक्षिण भारत: तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और लक्षद्वीप में भारी बारिश.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


