Hamirpur Love Jihad Case:आदित्य बिहारी अवस्थी/हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में हाल ही में सामने आए ‘लव जिहाद’ के एक मामले ने अब तूल पकड़ लिया है. इस मुद्दे की गूंज पड़ोसी जिले बांदा तक जा पहुंची है, जहां बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा चल रही है. कथा के मंच से धीरेंद्र शास्त्री ने हमीरपुर की घटना पर तीखा प्रहार किया है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है.
क्या था पूरा मामला?
दरअसल, मामला हमीरपुर जिले के सुमेरपुर कस्बे का है. यहां एक हिंदू युवती का वीडियो बनाकर उसे वायरल करने और धर्मांतरण के दबाव का आरोप एक मुस्लिम युवक पर लगा था. इस घटना के बाद इलाके में काफी तनाव फैल गया था. हैरान करने वाली बात यह रही कि इस मामले में विरोध करने वाले हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं पर ही पुलिसिया कार्रवाई की खबरें सामने आईं. बस इसी बात ने आग में घी डालने का काम किया और मामला धीरेंद्र शास्त्री के दरबार तक जा पहुंचा.
“उल्टा चोर कोतवाल को डांटे” वाला हाल: शास्त्री
बांदा में उमड़ी हजारों की भीड़ के बीच धीरेंद्र शास्त्री ने बिना लाग-लपेट के अपनी बात रखी. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “आजकल जमाना ऐसा आ गया है कि उल्टा चोर कोतवाल को डांट रहा है. सुनने में आया है कि सुमेरपुर में जो लोग अपनी आवाज उठा रहे थे, प्रशासन ने उन बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को ही थाने में बैठा दिया.”
उन्होंने आगे कहा कि हिंदू अब जाग रहा है और सुमेरपुर की जनता का साहस काबिल-ए-तारीफ है. शास्त्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि धर्म की रक्षा के लिए सबको एक होना पड़ेगा, क्योंकि यह किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि समाज की सुरक्षा का सवाल है.
प्रशासन को दी सीधी चेतावनी
धीरेंद्र शास्त्री ने प्रशासन की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने भावुक और कड़े लहजे में कहा, “प्रशासन में बैठे लोग अगर किसी के दबाव में आकर या राजनीतिक इशारों पर गलत का साथ दे रहे हैं, तो उन्हें सचेत हो जाना चाहिए. वे यह न भूलें कि वे भी इसी समाज का हिस्सा हैं. अगर आज उन्होंने सही कदम नहीं उठाया, तो वह दिन दूर नहीं जब लव जिहाद की यह आग उनके अपने घरों तक पहुंचेगी और उनकी अपनी बेटियां भी इसका शिकार होंगी.”
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
शास्त्री का यह बयान उस समय आया है जब हमीरपुर में इस घटना को लेकर पहले से ही काफी गुस्सा है. वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोग और हिंदू संगठन इसे अपनी मुहिम के समर्थन के रूप में देख रहे हैं. लोग इस वीडियो को धड़ल्ले से शेयर कर रहे हैं और प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: बलरामपुर धर्मांतरण केस: ATS के हत्थे चढ़ा ईदुल इस्लाम, छांगुर बाबा से जुड़े और राज खुलने की उम्मीद
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


