Bharat Express DD Free Dish

साइकिल पार्ट्स के नीचे छिपा रखी थी शराब: डूंगरपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पकड़ा, 20 लाख का माल जा रहा था गुजरात

Dungarpur Liquor Smuggling: डूंगरपुर पुलिस ने रतनपुर बॉर्डर पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक कंटेनर से चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब के 244 कार्टन बरामद किए हैं. जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है.

Dungarpur Liquor Smuggling

Dungarpur Liquor Smuggling

रिपोर्ट- भूपेन्द्र गामोट डूंगरपुर


Dungarpur Liquor Smuggling: डूंगरपुर जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन स्वच्छता” के तहत बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने रतनपुर बॉर्डर पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक कंटेनर से चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब के 244 कार्टन बरामद किए हैं. जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है. पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल ट्रक कंटेनर को जब्त कर हरियाणा निवासी चालक को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में जिलेभर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत बिछीवाड़ा थानाधिकारी कैलाशचन्द्र सोनी अपनी टीम और रतनपुर चौकी जाप्ते के साथ उदयपुर से अहमदाबाद जाने वाली लेन, एनएच-48 पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रहे थे.

साइकिल पार्ट्स के बीच छिपा रखी थी शराब

इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उदयपुर की ओर से आ रहा अशोक लीलैंड कंपनी का बंद बॉडी ट्रक कंटेनर गुजरात की ओर जाने वाला है. सूचना के मुताबिक, कंटेनर में साइकिल के पार्ट्स की आड़ में अंग्रेजी शराब के कार्टन छिपाकर ले जाए जा रहे थे. सूचना विश्वसनीय होने पर पुलिस ने नाकाबंदी को और सख्त कर दिया.

हरियाणा निवासी चालक गिरफ्तार

कुछ देर बाद मुखबिर की सूचना के अनुसार ट्रक कंटेनर नंबर RJ 31 GB 1832 उदयपुर की तरफ से आता दिखाई दिया. पुलिस टीम ने हाथ का इशारा कर वाहन को रुकवाया और सड़क किनारे खड़ा करवाया. ट्रक के केबिन में बैठे चालक से नाम-पता पूछा गया तो उसने अपनी पहचान नरेश कुमार पुत्र ओमप्रकाश जाट, उम्र 33 वर्ष, निवासी ढांड, पुलिस थाना भट्टू, जिला फतेहाबाद, हरियाणा के रूप में बताई.

पुलिस ने चालक से कंटेनर में रखे सामान के बारे में पूछताछ की तो उसने बताया कि उसमें साइकिल के पार्ट्स भरे हुए हैं. हालांकि मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को संदेह था. इसके बाद कंटेनर खोलकर तलाशी ली गई. शुरुआत में कंटेनर के अंदर साइकिल के पार्ट्स नजर आए, लेकिन जब पुलिसकर्मी ने अंदर जाकर गहराई से जांच की तो पार्ट्स के बीच छिपाकर रखे गए अंग्रेजी शराब के कार्टन दिखाई दिए.

चंडीगढ़ से शराब ले जा रहा था गुजरात

इसके बाद पुलिस टीम ने साइकिल पार्ट्स को एक-एक कर नीचे उतरवाया और कंटेनर की पूरी तलाशी ली. तलाशी के दौरान विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब के कुल 244 कार्टन बरामद हुए. सभी कार्टन पर “For Sale Only in Chandigarh” लिखा हुआ था.

ये भी पढ़ें- दिल्ली में नहीं बिकेगी आपकी फेवरेट बाइक? सरकार ने कर दिया ‘बैन’ का ऐलान, क्या है CM रेखा गुप्ता का प्लान?

पुलिस ने मौके से शराब और ट्रक कंटेनर को जब्त कर चालक नरेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया. मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और गुजरात में किसे सप्लाई की जानी थी. तस्करी के पूरे नेटवर्क को लेकर आगे की जांच जारी है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read