तेजस्वी चुनाव आयोग का नोटिस
EC Notice To Tejashwi Yadav: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं. मतदाता सूची में नाम नहीं होने के उनके दावे के बाद, अब उन पर दो वोटर आईडी (EPIC) नंबर रखने का आरोप लगा है. इस मामले में चुनाव आयोग ने तेजस्वी यादव को नोटिस जारी कर उनसे स्पष्टीकरण मांगा है.
तेजस्वी का दावा और चुनाव आयोग का जवाब
तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने 2 अगस्त 2024 को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया था कि बिहार की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में उनका नाम शामिल नहीं है. उन्होंने अपने फोन को एक बड़ी स्क्रीन से जोड़कर EPIC नंबर RAB2916120 की खोज की, जो रिकॉर्ड में नहीं मिला. उन्होंने कहा था कि मैं खुद मतदाता के रूप में पंजीकृत नहीं हूं. इससे मैं चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य हो जाता हूं. उन्होंने यह भी दावा किया कि बूथ लेवल अधिकारी ने उन्हें कोई रसीद नहीं दी थी.
चुनाव आयोग ने शनिवार को उनके दावे को खारिज कर दिया. आयोग ने नोटिस में कहा कि जांच में पाया गया कि आपका नाम मतदान केंद्र संख्या 204 (बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय का पुस्तकालय भवन) के क्रम संख्या 416 पर अंकित है, जिसका EPIC नंबर RAB0456228 है. यह नंबर 2015 की मतदाता सूची में भी मौजूद है. आयोग ने यह भी कहा कि अगर उन्हें कोई शिकायत है तो उन्हें कानूनी प्रक्रिया का पालन करना चाहिए.
दूसरे EPIC नंबर पर बढ़ा विवाद
चुनाव आयोग ने नोटिस में तेजस्वी यादव द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताए गए EPIC नंबर RAB2916120 पर सवाल उठाया. आयोग ने कहा कि ऐसा कोई EPIC नंबर उसकी ओर से जारी ही नहीं किया गया है. दीघा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) ने तेजस्वी को पत्र लिखकर इस नंबर और उससे जुड़े वोटर आईडी कार्ड का पूरा विवरण देने को कहा है, ताकि मामले की गहनता से जांच की जा सके.
ये भी पढ़ें: बिहार चुनाव से पहले मानदेय में बंपर बढ़ोतरी, आयोग ने बदला नियम; जानें किसे मिलेंगे कितने पैसे?
बीजेपी और एनडीए के सहयोगी जेडीयू ने तेजस्वी (Tejashwi Yadav) पर दो वोटर आईडी रखने का आरोप लगाते हुए इसे एक गंभीर अपराध बताया है. इन आरोपों के बाद अब चुनाव आयोग ने खुद इस मामले में जांच की मांग की है और तेजस्वी यादव से इस पर जवाब मांगा है. अब देखना होगा कि क्या इससे तेजस्वी की मुस्किल बढ़ने वाली है या ये मामला कुछ समय शांत हो जाएगा.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




