Bharat Express DD Free Dish

‘मलेशिया, हांगकांग और जर्मनी में प्रॉपर्टी…बैंक बैलेंस और महंगी गाड़ियां’, कांग्रेस MLA एसएन सुब्बा रेड्डी पर ED का शिकंजा, कई ठिकानों पर मारा छापा

प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने जिन ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया, उनमें विधायक का निजी आवास, उनसे जुड़े व्यवसायिक प्रतिष्ठान और उनके कुछ प्रमुख सहयोगियों के ठिकाने भी शामिल हैं.

प्रवर्तन निदेशालय ने FEMA (Foreign Exchange Management Act) की धारा 37 के तहत आज (10 जुलाई) बेंगलुरु में पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है. यह कार्रवाई कर्नाटक विधानसभा के विधायक एसएन सुब्बा रेड्डी (SN Subba Reddy) और उनके परिवार के खिलाफ की जा रही है. आरोप है कि इन्होंने विदेशों में भारी संपत्तिया, बैंक खातों में मोटा बैलेंस और लग्ज़री गाड़िया अघोषित रूप से खरीदी और छुपाई हैं.

विदेशों में भी विधायक की अकूत संपत्ति

प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने जिन ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया, उनमें विधायक (SN Subba Reddy) का निजी आवास, उनसे जुड़े व्यवसायिक प्रतिष्ठान और उनके कुछ प्रमुख सहयोगियों के ठिकाने भी शामिल हैं. अधिकारियों के मुताबिक, अब तक की जांच में यह भी सामने आया है कि विधायक के परिवार ने मलेशिया, हांगकांग और जर्मनी जैसे देशों में अचल संपत्तियों में निवेश किया है. साथ ही, विदेशी बैंक खातों में बड़ा बैलेंस और महंगी गाड़ियों की खरीद के भी सबूत मिले हैं.

सूत्रों के मुताबिक, इस छापेमारी का मकसद यह पता लगाना है कि विदेशी संपत्तियों में निवेश के लिए कहां से और किस माध्यम से पैसा भेजा गया, क्या इसके लिए किसी नियम का उल्लंघन हुआ, और इन संपत्तियों की वास्तविक कीमत क्या है.

ED ने इन सभी परिसरों से दस्तावेज़, इलेक्ट्रॉनिक डेटा और लेन-देन से जुड़े सबूत जुटाए हैं, जिनकी गहन पड़ताल की जा रही है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस कार्रवाई से जुड़े और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं, जो विधायक और उनके करीबियों की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं.

यह भी पढ़ें- Betting App Scam: ED के शिकंजे में फंसे साउथ और तेलुगु सिनेमा के कई दिग्गज स्टार, विजय देवरकोंडा से लेकर प्रकाश राज, राना दग्गुबाती का नाम शामिल

इस छापेमारी ने कर्नाटक की सियासत में भी हलचल मचा दी है, क्योंकि यह मामला सिर्फ विदेशों में संपत्तियों तक सीमित नहीं, बल्कि संभावित मनी लॉन्ड्रिंग और विदेशी विनिमय नियमों के उल्लंघन का भी संकेत देता है. ED की जांच फिलहाल जारी है और आने वाले दिनों में विधायक SN Subba Reddy से पूछताछ भी हो सकती है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read