Bharat Express DD Free Dish

Engineer’s Day 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को इंजीनियर्स डे की दी बधाई, कहा- विश्वेश्वरैया ने इंजीनियरिंग क्षेत्र में छोड़ी अमिट छाप

Engineer’s Day 2025: प्रधानमंत्री मोदी और कई केंद्रीय नेताओं ने इंजीनियर्स डे पर सर एम. विश्वेश्वरैया को श्रद्धांजलि दी. जानें किसने क्या कहा और भारत के अभियंताओं को कैसे दी शुभकामनाएं.

Engineers Day 2025

Engineer’s Day 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को इंजीनियर्स डे के अवसर पर महान इंजीनियर सर एम. विश्वेश्वरैया को श्रद्धांजलि अर्पित की. साथ ही उन्होंने भारत के इंजीनियरिंग क्षेत्र पर विश्वेश्वरैया के अमिट योगदान को याद किया.

पीएम मोदी ने किया पोस्ट

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “इंजीनियर्स डे पर मैं सर एम. विश्वेश्वरैया को श्रद्धांजलि देता हूं, जिनकी प्रतिभा ने भारत के इंजीनियरिंग क्षेत्र में अमिट छाप छोड़ी. मैं सभी इंजीनियरों को शुभकामनाएं देता हूं, जो अपनी रचनात्मकता और दृढ़ संकल्प से विभिन्न क्षेत्रों में इनोवेशन ला रहे हैं और कठिन चुनौतियों का सामना कर रहे हैं. हमारे इंजीनियर विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे.”

अमित शाह ने किया सम्मान

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इंजीनियर्स डे की बधाई दी. उन्होंने कहा कि इंजीनियरों की दूरदर्शिता और नवाचार भारत को तकनीकी विकास के शिखर पर ले जा रहे हैं. शाह ने सर विश्वेश्वरैया को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने देश को प्रगति की राह दिखाई.

लोकसभा स्पीकर का संदेश

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने लिखा कि सर एम. विश्वेश्वरैया भारतीय अभियांत्रिकी के शिल्पी थे. उनकी जयंती इंजीनियरों की प्रतिभा और उनके योगदान का उत्सव है. बिरला ने कहा कि देश के अवसंरचना विकास में इंजीनियरों की भूमिका अतुलनीय है.

ये भी पढ़ें: PM मोदी सोमवार को पूर्णिया में एयरपोर्ट सहित 36,000 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन, मखाना बोर्ड भी लिस्ट में शामिल

शिवराज सिंह चौहान की श्रद्धांजलि

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विश्वेश्वरैया को महान अभियंता बताते हुए कहा कि उनके प्रयासों से कृष्णराजसागर बांध, भद्रावती आयरन एंड स्टील वर्क्स और मैसूर विश्वविद्यालय जैसी उपलब्धियां संभव हुईं. उन्होंने अभियंता दिवस पर सभी इंजीनियरों को शुभकामनाएं दीं.

मनोहर लाल का अभिवादन

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने लिखा कि विश्वेश्वरैया ने आधुनिक भारत के निर्माण में अपना पूरा जीवन समर्पित किया. उन्होंने सभी अभियंताओं को अभियंता दिवस की शुभकामनाएं दीं.

पंकज चौधरी ने किया याद

केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने विश्वेश्वरैया को आधुनिक भारत का विश्वकर्मा बताया. उन्होंने कहा कि बाढ़ नियंत्रण प्रणाली और कृष्णराजसागर बांध उनकी अद्भुत प्रतिभा के उदाहरण हैं. उनका जीवन आज भी हर इंजीनियर के लिए प्रेरणा है.

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read