Bharat Express DD Free Dish

PM मोदी सोमवार को पूर्णिया में एयरपोर्ट सहित 36,000 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन, मखाना बोर्ड भी लिस्ट में शामिल

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार (15 सितंबर) को पूर्णिया में नवनिर्मित एयरपोर्ट समेत 36,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे.

PM Modi

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) सोमवार (15 सितंबर) को पूर्णिया ज़िले का दौरा करेंगे. इस मौके पर पीएम नवनिर्मित पूर्णिया एयरपोर्ट (Purnea Airport) समेत 36,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे. इसके अलावा एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे.

पूर्णिया एयरपोर्ट के उद्घाटन होने से उत्तर बिहार के इस शहर की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी. पीएम मोदी की इस यात्रा का एक अन्य मुख्य आकर्षण राष्ट्रीय मखाना बोर्ड (Makhana Board) हैं, जिसका कल उद्घाटन होगा. बोर्ड की घोषणा इस वर्ष के केंद्रीय बजट में की गई थी. बता दें कि बिहार देश का लगभग 90 प्रतिशत मखाना पैदा करता है, जिसे प्रधानमंत्री अक्सर “सुपर फ़ूड” कहते रहे हैं.

पीएम मोदी ने दिए 1.50 लाख करोड़ के प्रोजेक्ट: डिप्टी सीएम

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हाल ही में तैयारियों का जायज़ा लेने के लिए पूर्णिया का दौरा किया. डिप्टी सीएम ने बताया, “अपने 11 साल के कार्यकाल में प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार को लगभग 1.50 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी है. कल एक और तोहफ़ा होगा. राज्य डबल इंजन वाली सरकार का लाभ उठा रहा है.”

पीएम मोदी की यात्रा को लेकर पूरे जिले में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर प्रतिबंध लगा दिए गए हैं, जिसमें रविवार आधी रात से 24 घंटे के लिए वाहनों की आवाजाही पर रोक भी शामिल है.

एक महीने में पीएम का बंगाल का दूसरा दौरा

इससे अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल कोलकाता में सशस्त्र बलों के संयुक्त कमांडरों के सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे. एक महीने से भी कम समय में प्रधानमंत्री का यह दूसरा बंगाल दौरा होगा. अधिकारियों ने बताया कि 15 से 17 सितंबर तक चलने वाले इस सम्मेलन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह सहित अन्य लोग भी शामिल होंगे.


ये भी पढ़ें: प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत अब तक 7.83 लाख किलोमीटर की सड़कों का हुआ निर्माण, 9,891 बने पुल


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read