Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

फरीदाबाद: आग लगने से दंपति व बेटी की मौत, बालकनी से कूदकर बचा बेटा

फरीदाबाद की ग्रीनफील्ड कॉलोनी में सोमवार तड़के एक भीषण हादसा हो गया. कॉलोनी के एक मल्टी-फ्लोर मकान में एसी शॉर्ट सर्किट से लगी आग के कारण धुआं फैल गया. धुएं में दम घुटने से दंपति और बेटी की मौत हो गई

Edited by Vaibhav Gupta

फरीदाबाद की ग्रीनफील्ड कॉलोनी में सोमवार तड़के एक भीषण हादसा हो गया. कॉलोनी के एक मल्टी-फ्लोर मकान में एसी शॉर्ट सर्किट से लगी आग के कारण धुआं फैल गया. धुएं में दम घुटने से पति, पत्नी और उनकी बेटी की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है.

शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग

पुलिस के अनुसार, ग्रीनफील्ड कॉलोनी के मकान नंबर 787 की पहली मंजिल पर 50 वर्षीय सचिन कपूर अपने परिवार के साथ रहते थे. सोमवार सुबह करीब 3 बजे ऊपरी मंजिल पर रहने वाले मलिक परिवार के एसी में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे अचानक आग लग गई.

आग के कारण उठे घने धुएं ने पहली मंजिल पर बने कपूर परिवार के घर को अपनी चपेट में ले लिया. उस समय सचिन कपूर अपनी पत्नी रिंकू कपूर, बेटी सुजान और बेटे आर्यन के साथ सो रहे थे. अचानक घर में घुसे धुएं से सभी का दम घुटने लगा. घबराहट में परिवार ने बचने की कोशिश की, लेकिन छत का गेट बंद होने के कारण वे बाहर नहीं निकल पाए.

बेटी संग दंपति हो गए बेहोश

इस दौरान सचिन, उनकी पत्नी रिंकू और बेटी सुजान बेहोश होकर गिर पड़े. वहीं, बेटे आर्यन ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह बालकनी से छलांग लगा दी. नीचे गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं. पड़ोसियों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है.

सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया. मगर तब तक देर हो चुकी थी. पुलिस ने सचिन कपूर, उनकी पत्नी और बेटी को अचेत अवस्था में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है. इस पूरे मामले की जांच जारी है.

स्थानीय पार्षद ने जताया दुख

स्थानीय पार्षद ने कहा, “यह हादसा अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है. हमें गहरा दुख है कि इस घटना में तीन लोगों की जान चली गई. स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत कार्य में सराहनीय सहयोग किया. हमारे क्षेत्र में एक फायर स्टेशन की स्थापना बेहद जरूरी है, और यह हमारी पुरजोर मांग है. यदि फायर स्टेशन होता, तो फायर ब्रिगेड को पहुंचने में देरी न होती और शायद यह हादसा टाला जा सकता था.

इसके अलावा, बिल्डर्स की लापरवाही भी सामने आई है, क्योंकि इमारत में कोई फायर सेफ्टी सिस्टम नहीं था. मैं मंत्री श्री कृष्ण पाल गुर्जर और क्षेत्रीय विधायक से अनुरोध करता हूं कि वे इस गंभीर मुद्दे को सदन में उठाएं और क्षेत्र में फायर स्टेशन की स्थापना के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं.”

ये भी पढ़ें: दिल्ली के लाल किला से चोरी का बड़ा खुलासा, 1 करोड़ का सोने का कलश बरामद, पकड़ा गया आरोपी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital