Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

Ayodhya: राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर फाइनल तारीख घोषित, जनवरी में इन तीन दिनों तक होगा भव्य आयोजन

ट्रस्ट के महासचिव ने बताया कि, इस कार्यक्रम में आमंत्रित किए जाने वाले संतों की सूची तैयार की जा रही है. इसी के साथ ट्रस्ट की ओर से एक महीने तक रोजाना 75 हजार से एक लाख भक्तों को भोजन कराया जाएगा.

रामलला

Rahul Singh Edited by Rahul Singh

Ayodhya: राम नगरी अयोध्या में एक ओर राम मंदिर का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है तो वहीं राम लला की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर भी लगातार तैयारी चल रही है. अब प्राण-प्रतिष्ठा की फाइनल तारीख भी सामने आ गई है. जानकारी के मुताबिक, जनवरी-2024 की 21, 22 और 23 तारीख को अंतिम मुहर लग गई है. वहीं पहले 15 जनवरी से दस दिन तक कार्यक्रम चलने की जानकारी सामने आई थी. इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी न्योता भेजा गया है.

बता दें कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण करा रहे श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए 21, 22 और 23 जनवरी 2024 की तारीख तय की है. इसको लेकर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने शुक्रवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से बात की और बताया कि, ‘‘राम जन्मभूमि प्राण प्रतिष्ठा समारोह अगले साल जनवरी के तीसरे सप्ताह में होगा.” इसके साथ तारीख को लेकर कहा कि, 21, 22 और 23 जनवरी की तारीखें कार्यक्रम के लिए तय की गई हैं. उन्होंने कहा कि अभिषेक समारोह में आने वाले भक्तों को करीब एक महीने तक मुफ्त भोजन उपलब्ध कराने की योजना बनाई जा रही है.

ट्रस्ट के महासचिव ने आगे बताया कि जनवरी में होने वाले कार्यक्रम के अवसर पर ट्रस्ट की ओर से एक महीने तक रोजाना 75 हजार से एक लाख भक्तों को भोजन कराया जाएगा. मालूम हो कि प्रधानमंत्री मोदी ने पांच अगस्त 2020 में राम मंदिर का ‘भूमि पूजन’ किया था और इसी के बाद से निर्माण कार्य शुरू हुआ था. मंदिर अब करीब-करीब अपने पूरे आकार की ओर बढ़ चला है.

इसे भी पढ़ें- MP Election 2023: चुनावी साल में हिंदुत्व की राह पर निकले कमलनाथ, धीरेंद्र शास्त्री और प्रदीप मिश्रा की कथा के जरिए हिंदू वोटबैंक को साधने की तैयारी

कार्यक्रम में नहीं होगा कोई मंच

उन्होंने आगे जानकारी दी है कि, ‘‘हम इस समारोह के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आमंत्रित करेंगे, जिसमें प्रमुख साधु और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी शामिल होंगे.’’ उन्होंने आगे बताया है कि, ‘मुख्य कार्यक्रम गैर-राजनीतिक होगा और विभिन्न राजनीतिक दलों के मेहमानों को भी आमंत्रित किया जाएगा, बशर्ते वे आने का इरादा रखते हों. इसके साथ कार्यक्रम की योजना को लेकर बताया कि, कार्यक्रम में कोई मंच नहीं होगा और न ही कोई सार्वजनिक बैठक आयोजित की जाएगी. उन्होंने आगे कहा कि, इस कार्यक्रम में देश के 136 सनातन परंपराओं के 25 हजार से अधिक धर्मगुरुओं को आमंत्रित करने की योजना तैयार की जा रही है. कार्यक्रम में आमंत्रित किए जाने वाले संतों की सूची भी तैयार की जा रही है. जल्द ही सभी संतों को ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तरफ से निमंत्रण पत्र भेजा जाएगा. इसके साथ ही जानकारी दी कि, ये 25 हजार संत 10 हजार विशिष्ट अतिथियों से अलग होंगे जो राम जन्मभूमि परिसर के अंदर अभिषेक समारोह में शामिल होंगे.

बड़े मठों में ठहरने की बनाई गई है योजना

ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कार्यक्रम और अतिथियों के ठहरने को लेकर जानकारी दी और बताया कि, ”ट्रस्ट ने सभी प्रमुख संतों को अयोध्या के बड़े मठों में ठहराने की योजना बनाई है. उन्होंने ये भी जानकारी दी कि, सभी बड़े मठ और मंदिर आने वाले संतों और साधुओं को ठहरने की सुविधा देने पर सहमत हो गए हैं. लगभग एक महीने तक चलने वाले इस भव्य आयोजन के प्रबंधन को संभालने के लिए अयोध्या के विभिन्न संतों के कई समूह बनाए जाएंगे. मंदिर ट्रस्ट के न्यासी अनिल मिश्रा ने जानकारी दी कि, ‘राम मंदिर के गर्भगृह का कार्य पूरा होने वाला है. तो वहीं उन्होंने बताया, कि अब जनवरी महीने में प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन किया जाएगा. इसको लेकर तैयारी जोरों पर चल रही हैं.

-भारत एक्सप्रेस

 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital