Bharat Express DD Free Dish

‘वक्फ संशोधन विधेयक-2024’ पर विस्तार से विचार-विमर्श करने के लिए बनी JPC की पहली बैठक इस तारीख को होगी

संयुक्त संसदीय समिति (JPC) की पहली बैठक में अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के प्रतिनिधियों द्वारा ‘वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2024’ और इस विधेयक में पेश किए जाने वाले प्रस्तावित संशोधनों के बारे में जानकारी दी जाएगी.

Waqf board amendment bill 2024 in hindi
Vijay Ram Edited by Vijay Ram

Waqf (Amendment) Bill 2024 : केंद्र सरकार के ‘वक्फ (संशोधन) विधेयक-2024’ पर विस्तार से विचार-विमर्श करने के लिए बनाई गई जेपीसी की पहली बैठक 22 अगस्त को हो सकती है.

बताया जा रहा है कि संसद के दोनों सदनों के सांसदों को लेकर बनाई गई संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की इस पहली बैठक में अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के प्रतिनिधियों द्वारा ‘वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2024’ और इस विधेयक में पेश किए जाने वाले प्रस्तावित संशोधनों के बारे में जानकारी दी जाएगी.

इस बैठक में तमाम कानूनी पहलुओं से जुड़ी जानकारी को स्पष्ट करने के लिए कानून एवं न्याय मंत्रालय के विधान एवं कानूनी कार्य विभाग से जुड़े अधिकारी भी मौजूद रहेंगे.

Waqf Board JPC

बता दें कि ‘वक्फ (संशोधन) विधेयक-2024’ पर विचार-विमर्श करने के लिए बनाए गए दोनों सदनों के इस संयुक्त पैनल में 31 सदस्य हैं. इनमें लोकसभा से 21 और राज्यसभा से 10 सदस्‍य हैं.

JPC में लोकसभा से 21 और राज्यसभा से 10 सदस्‍य

लोकसभा सदस्‍यों में जगदंबिका पाल, निशिकांत दुबे, तेजस्वी सूर्या, अपराजिता सारंगी, संजय जायसवाल, दिलीप सैकिया, अभिजीत गंगोपाध्याय, डीके. अरुणा, गौरव गोगोई, इमरान मसूद, मोहम्मद जावेद, मौलाना मोहिबुल्लाह, कल्याण बनर्जी, ए. राजा, लावु श्री कृष्ण देवरायलु, दिलेश्वर कामेत, अरविंद सावंत, एम सुरेश गोपीनाथ, नरेश गणपत म्हस्के, अरुण भारती, असदुद्दीन ओवैसी शामिल हैं. वहीं, राज्यसभा से बृज लाल, मेधा विश्राम कुलकर्णी, गुलाम अली, राधा मोहन दास अग्रवाल, सैयद नसीर हुसैन, मोहम्मद नदीमुल हक, वी विजयसाई रेड्डी, एम मोहम्मद अब्दुल्ला, संजय सिंह और डी वीरेंद्र हेगड़े को समिति में शामिल किया गया है.

सांसद जगदंबिका को बनाया गया JPC का अध्यक्ष

भाजपा सांसद जगदंबिका पाल को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है. विधेयक पर विचार करने के बाद जेपीसी को संसद के अगले सत्र के पहले सप्ताह के आखिरी दिन अपनी रिपोर्ट सौंपनी है.

— भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read