Delhi Crime: मुकेश चौधरी/दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के व्यस्त गाजीपुर बॉर्डर पर उस वक्त अफरा-तफरी और कोहराम मच गया, जब चेकिंग के दौरान ट्रैफिक पुलिस से विवाद के बाद एक टेंपो चालक ने गुस्से में आकर अपने ही वाहन को आग के हवाले कर दिया. इस सनसनीखेज घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिसकर्मियों के साथ तीखी हाथापाई की नौबत आ गई. बात इतनी बढ़ गई कि ड्राइवर ने पुलिस पर धौंस जमाने के लिए तलवार तक निकाल ली, हालांकि मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे दबोच लिया.
दस्तावेज दिखाने के बाद भी 20 हजार का चालान
सामने आई जानकारी के मुताबिक, गाजीपुर बॉर्डर पर ट्रैफिक पुलिस रोजाना की तरह वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान पुलिस ने एक ‘छोटा हाथी’ टेंपो को रुकवाया और ड्राइवर से गाड़ी के कागजात दिखाने को कहा. ड्राइवर का दावा है कि उसने पुलिस को सभी वैध दस्तावेज दिखा दिए थे, इसके बावजूद उससे एक हजार रुपये की अवैध डिमांड की गई.
ड्राइवर का आरोप है कि जब उसने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो ट्रैफिक पुलिस ने तानाशाही दिखाते हुए उसका सीधे 20 हजार रुपये का भारी-भरकम चालान काट दिया. अपनी गाड़ी के पूरे कागजात होने के बावजूद इतना तगड़ा चालान कटने से ड्राइवर इस कदर आगबबूला हो गया कि उसने अपना आपा खो दिया और बड़ा कदम उठा लिया.
गुस्से में लगाई टेंपो में आग
भारी-भरकम चालान से नाराज ड्राइवर ने गुस्से में आकर अपने ही टेंपो में आग लगा दी. देखते ही देखते वाहन से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और बॉर्डर पर भारी ड्रामा शुरू हो गया. मामला यहीं शांत नहीं हुआ, बल्कि आगजनी के बाद ड्राइवर और पुलिसकर्मियों के बीच हाथापाई शुरू हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आक्रोशित ड्राइवर ने पुलिसकर्मियों को डराने के लिए अपनी तलवार भी निकाल ली थी. हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसकी तलवार छीन ली और उसे काबू में कर थाने उठा लाई.
फिलहाल पुलिस आरोपी ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. इस घटना ने एक बार फिर सड़क पर होने वाली चेकिंग और पुलिस-जनता के बीच के तनाव को सतह पर ला दिया है. एक तरफ जहां गाड़ी को आग लगाना और तलवार निकालना गंभीर अपराध है, वहीं ड्राइवर के रिश्वत मांगने के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच होनी बेहद जरूरी है.
यह भी पढ़ें: 600 पार पहुंचा AQI तो पाकिस्तान ने भारत पर फोड़ा ठीकरा, सोशल मीडिया पर उड़ी खिल्ली
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



