(PC: GOOGLE)
Gopalganj News: बिहार के प्रसिद्ध और ऐतिहासिक हथुआ राजघराने से एक बेहद खुशखबरी सामने आई है. राज परिवार में 107वें उत्तराधिकारी के रूप में एक नन्हे राजकुमार का जन्म हुआ है, जिससे पूरे हथुआ स्टेट और शुभचिंतकों में जश्न का माहौल है.
युवराज कौस्तुभ मणि प्रताप साही और युवरानी विदिशा साही पुत्र रत्न के माता-पिता बने हैं. इस खुशखबरी के साथ महाराज बहादुर मृगेंद्र प्रताप साही दादा बन गए हैं. हथुआ पैलेस में महिलाओं ने सोहर गाया, मिठाइयां बांटीं और ढोल-नगाड़ों के साथ खुशियां मनाईं. महाराज ने बताया कि जच्चा-बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं.
हथुआ राजघराने में गूंजी किलकारी, 107वें उत्तराधिकारी का आगमन
बिहार के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित राजघरानों में शुमार हथुआ राज में इन दिनों भारी हर्षोल्लास का माहौल है. कुल देवी मां थावे वाली की असीम कृपा से राजपरिवार को 107वें उत्तराधिकारी के रूप में पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई है. युवराज कौस्तुभ मणि प्रताप साही और युवरानी विदिशा साही के घर बेटे के जन्म से पूरे राजमहल में खुशी की लहर दौड़ गई है. इससे पहले इस दंपत्ति को दो बेटियां (राजकुमारी मृगांगी साही व हिमांगी साही) हैं.
हथुआ पैलेस में ढोल-नगाड़े, सोहर और मिठाइयों के साथ जश्न
नन्हे राजकुमार के जन्म की खबर मिलते ही हथुआ पैलेस में बधाइयों का तांता लग गया. पैलेस में बड़ी संख्या में पहुंची महिलाओं ने पारंपरिक सोहर गीत गाए और जमकर मिठाइयां बांटी गईं. गोपालगंज से लेकर सीवान, छपरा और पटना तक शुभचिंतक सोशल मीडिया और व्यक्तिगत रूप से राजपरिवार को शुभकामनाएं दे रहे हैं. पूरे परिसर में ढोल-नगाड़ों के साथ इस ऐतिहासिक पल का जश्न मनाया जा रहा है.
महाराज मृगेंद्र प्रताप साही ने दी जानकारी, जच्चा-बच्चा स्वस्थ
इस शुभ अवसर पर वर्तमान महाराज बहादुर मृगेंद्र प्रताप साही ने अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मां थावे वाली की कृपा और शुभचिंतकों के आशीर्वाद से हमारे वंश को नया वारिस मिला है. उन्होंने पुष्टि की कि जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं. राजशाही परंपराओं के अनुसार जल्द ही राजमहल में पारंपरिक रीति-रिवाजों और शुभ संस्कारों का आयोजन किया जाएगा.
यह भी पढ़ें-‘आपसे कुछ नहीं हो रहा है तो इस्तीफा दे दीजिए’, राघोपुर में तेजस्वी यादव पर लोगों का फुटा गुस्सा
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.






