Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

Gorakhpur News: “…घबरा गया है पाकिस्तान”, कथा के दौरान बोले बागेश्वर धाम के आचार्य धीरेंद्र शास्त्री, हिंदुओं से की ये अपील

भक्तों का सैलाब देखकर बागेश्वरधाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा, ऐसा लग रहा है, जैसे महाकुंभ यहीं चल रहा है. इसी के साथ भीड़ देखकर बोले कि, सब लोग बैठ जाइए.

dhirendra Shastri

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (फोटो फाइल)

Gorakhpur News: अपने बयानो को लेकर चर्चा में रहने वाले बागेश्वर धाम के आचार्य धीरेंद्र शास्त्री का पाकिस्तान से सम्बंधित एक ताजा बयान तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बुधवार को बड़हलगंज के सरयू तट पर उमड़े श्रद्धालुओं के बीच श्रीराम कथा सुनाते हुए उन्होंने कहा कि भीड़ से ऐसा लगता है कि सरयू तट पर महाकुंभ लगा हो. जो सत्ता का भूखा होता है वह कभी भी राजा नहीं हो सकता. सेवा का भूखा ही राजा हो सकता है. प्रभु श्रीराम सेवा के भूखे थे. जो प्रजा से सेवा कराए, वह राजा नहीं हो सकता है. जो प्रजा की सेवा करे वह राजा है. इसी के साथ कहा कि भारत में आए राम राज्य से पाकिस्तान भी घबराया हुआ है.

हिंदू एक हों

इस मौके पर धीरेंद्र शास्त्री ने हिंदुओं के एक होने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि जातिवाद से ऊपर उठकर हिंदुओं को एक होना होगा, तभी भारत हिंदू राष्ट्र बनेगा. उन्होने कहा कि भगवान राम वनवास से जब लौट कर अयोध्या आए तो हर तरफ हर्षोल्लास से भर गया. जहां माता-पिता व साधु-संतों को प्रताड़ित किया जाता है, वहां रावण राज्य होता है. इस दौरान उन्होंने श्रीराम कथा सुनाते हुए भक्तों को 11000 वर्ष के राम राज्य की सात विशेषताएं बताईं. कथावाचक ने कहा कि राम राज्य में किसी भी पिता ने पुत्र को मरते नहीं देखा. राम के चरित्र को अपनाएंगे अर्थात भजन-भोजन ठीक रखेंगे तभी आयु लंबी होगी.

ये भी पढ़ें- Ayodhya Ram Mandir: प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम का तीसरा दिन आज…संकल्प के बाद होगी ये पूजा, देखें अनुष्ठान की पूरी विधि

घर में हो सभी के बीच प्रेम

बागेश्वर धाम के आचार्य धीरेंद्र शास्त्री ने आगे कहा कि घर में सभी के बीच प्रेम होना जरूरी है. आज हम प्रकृति का दोहन कर रहे हैं. इसलिए प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहे हैं. राम राज्य में शस्त्र से नहीं शास्त्र से राज किया गया है, जिससे प्रजा प्रसन्न थी. शास्त्र के बल पर राज करने वाला असली महाराजा कहलाता है. इसी के साथ ही उन्होंने कहा कि, छल-कपट से कभी भी राम राज्य की स्थापना नहीं हो सकती है. पीठाधीश्वर ने कहा कि कथा का मतलब सिर्फ जय श्रीराम का नारा नहीं है, बल्कि दिल को अयोध्या मान लो और मन को तब हर तरफ राम राज्य होगा.

बड़ी संख्या में उमड़े भक्त

बता दें कि बागेश्वर बाबा यानी धीरेंद्र शास्त्री की राम कथा सुनने के लिए केवल गोरखपुर ही नहीं बल्कि बस्ती, संतकबीरनगर, देवरिया, आजमगढ़, मऊ, बिहार, अयोध्या, झारखंड के साथ ही नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. भीड़ इतनी थी कि पुलिस के भी सम्भालने में पसीने छूट गए. उपनगर के जाईपार में विश्राम स्थल पर पहुंचे कथा वाचक धीरेंद्र शास्त्री को कथा स्थल तक लाने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. इस दौरान पुलिस प्रशासन को पीएसी तैनात करनी पड़ी. तो वहीं भक्तों का सैलाब देखकर बागेश्वरधाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा, ऐसा लग रहा है, जैसे महाकुंभ यहीं चल रहा है. इसी के साथ भीड़ देखकर बोले कि, सब लोग बैठ जाइए. बैरिकेडिंग टूट जाएगी. ऐसा हुआ तो मीडिया ब्रेकिंग न्यूज बना देगा. इसलिए बैठ जाइए. इसी के साथ ही उन्होंने अपने चिरपरिचित अंदाज में कहा कि, साधू जी…सीताराम. अंततोगत्वा हम आ ही गए.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital