Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

ग्रेटर नोएडा: एसटीपी टैंक की सफाई के दौरान बड़ा हादसा, दम घुटने से सफाईकर्मी और सिक्योरिटी गार्ड की मौत

Greater Noida STP Tank Accident: ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-150 स्थित एल्डिको सोसाइटी में एसटीपी टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस से सफाई कर्मचारी और उसे बचाने उतरे सिक्योरिटी गार्ड की दम घुटने से मौत हो गई. पुलिस और फायर ब्रिगेड ने रेस्क्यू कर दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. मामले की जांच जारी है.

Greater Noida STP tank accident

Greater Noida STP tank accident

Edited by Swati Pandey

Greater Noida STP tank accident: ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-150 स्थित एल्डिको सोसाइटी में रविवार को एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) के वाटर टैंक की सफाई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया. टैंक में मौजूद जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण एक सफाई कर्मचारी और उसे बचाने के लिए अंदर उतरे सिक्योरिटी गार्ड की दम घुटने से मौत हो गई. घटना के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई, जबकि मृतकों के परिजनों में कोहराम छा गया.

सफाई के दौरान बेहोश हुआ कर्मचारी

जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय सफाई कर्मचारी शशिकांत शर्मा नियमित सफाई कार्य के तहत एसटीपी टैंक में उतरे थे. सफाई के दौरान टैंक में मौजूद जहरीली गैस के प्रभाव से उनका दम घुटने लगा और वह कुछ ही देर में अचेत होकर गिर पड़े. बाहर मौजूद लोगों ने जब उन्हें कोई प्रतिक्रिया देते नहीं देखा तो तुरंत मदद के लिए आवाज लगाई.

साथी को बचाने उतरा गार्ड भी नहीं लौट सका

शशिकांत को संकट में देख ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड आकाश बिना देर किए उन्हें बचाने के लिए टैंक के अंदर उतर गए. लेकिन टैंक में फैली जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी ने उन्हें भी अपनी चपेट में ले लिया. देखते ही देखते दोनों अंदर ही बेहोश हो गए और उनकी जान चली गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह सब कुछ कुछ ही मिनटों में हो गया.

यह भी पढ़ें: क्या है FCRA बिल 2026? जानिए CJP प्रोटेस्ट के बाद अचानक क्यों गरमाई विदेशी फंडिंग पर बहस

फायर ब्रिगेड और पुलिस ने निकाला बाहर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों को टैंक से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया.

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव, जांच शुरू

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है, जिसके बाद परिवारों में शोक का माहौल है. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि एसटीपी टैंक की सफाई के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं. यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सीवर और एसटीपी टैंकों की सफाई के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे बंद टैंकों में बिना गैस जांच, पर्याप्त ऑक्सीजन, सुरक्षा उपकरण और प्रशिक्षित रेस्क्यू व्यवस्था के किसी भी कर्मचारी को उतारना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है. स्थानीय लोगों ने भी इस घटना की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital