लिव-इन पार्टनर की हत्या करने आरोपी की सरेआम पिटाई
Bhavnagar Murder Case: गुजरात के भावनगर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने लिव-इन पार्टनर की हत्या करने वाले आरोपी की खुलेआम लाठियों से पिटाई कर दी. यह घटना तब हुई जब पुलिस आरोपी को क्राइम सीन रिक्रूटमेंट के लिए उसी बस स्टैंड पर लेकर पहुंची थी, जहां उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था. इस पूरी कार्रवाई का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मी आरोपी पर डंडे बरसाते हुए नजर आ रहे हैं.
क्या है पूरा मामला?
मामला भावनगर के मुख्य बस स्टैंड का है, जहां 20 साल के आरोपी फैसल उर्फ खटकी लखानी को पुलिस गिरफ्तार करने के बाद लेकर आई थी. फैसल पिछले कुछ सालों से 40 साल की काजलबेन बारैया के साथ लिव-इन में रह रहा था.
पुलिस के मुताबिक, 3 सितंबर को बस स्टैंड पर किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी, जिसके बाद फैसल ने गुस्से में आकर काजलबेन पर बेरहमी से हमला कर दिया था. गंभीर रूप से घायल काजलबेन ने अगले दिन यानी 4 सितंबर को इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया था. मृतका की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे दबोच लिया था.
क्राइम सीन रीक्रिएट के बीच हुआ हंगामा
नीलंबग पुलिस स्टेशन की टीम जब आरोपी फैसल को उसी बस स्टैंड पर लेकर पहुंची ताकि यह समझा जा सके कि वारदात कैसे हुई थी, तो वहां माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया. पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में हुए इस रीक्रिएट के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी.
वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कैसे पुलिसकर्मियों और वहां मौजूद अन्य लोगों ने आरोपी को घेर रखा है और उसे काबू में करने के लिए लाठियों का इस्तेमाल किया जा रहा है. इस पूरी घटना में नीलंबग पुलिस थाने के इंस्पेक्टर डीपी उनदकड़ की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, जिन पर पिटाई में शामिल होने का आरोप है.
ये भी पढ़ें- एमपी के सागर में जहरीली शराब पीने से 9 लोगों की मौत, 25 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती
शौक और शक के चलते हुआ विवाद
जांच में सामने आया है कि 3 सितंबर की दोपहर फैसल, काजलबेन और उसके दोस्त रवि गोहिल के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था. फैसल को शक था कि काजलबेन के रवि के साथ अवैध संबंध हैं, हालांकि रवि ने पुलिस को बताया कि विवाद की मुख्य वजह शराब पीना था. बहस इतनी बढ़ी कि फैसल ने काजलबेन को जमीन पर पटक-पटक कर पीटा और उसके सिर पर गंभीर वार किए.
बीच-बचाव करने आए रवि को भी नहीं बख्शा गया. बस स्टैंड पर लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी वारदात कैद हो गई थी, जहां लोग तमाशा देखते रहे और हमला जारी रहा. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, चश्मदीदों के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट्स के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





