एमपी में जहरीली शराब पीने से 9 की मौत
MP Liquor Case: मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक बेहद दहला देने वाली खबर सामने आ रही है. जिले के बंडा अनुविभाग के तहत आने वाले बराज, घूघरा और जालमपुर समेत कई गांवों में जहरीली शराब पीने से 9 लोगों की मौत हो चुकी है. इस भयानक हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम और गुस्से का माहौल है. शनिवार और रविवार की दरमियानी रात अचानक कई ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में सिविल अस्पताल बंडा पहुंचाया गया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 25 से ज्यादा गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए तुरंत सागर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है, और आशंका जताई जा रही है कि मृतकों का यह आंकड़ा अभी और भी बढ़ सकता है.
प्रशासन में मचा हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया. सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल और पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनुराग सुजानिया भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने प्रभावित गांवों का दौरा करने के साथ-साथ बंडा अस्पताल पहुंचकर भर्ती मरीजों का हालचाल जाना और डॉक्टरों को उनके इलाज में कोई कोर-कसर न छोड़ने के सख्त निर्देश दिए हैं. फिलहाल पुलिस और आबकारी विभाग की टीमें यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह जहरीली शराब आखिर कहां से आई थी और इसे बेचने वाला नेटवर्क किसका है.
ये भी पढ़ें- ‘गुड मॉर्निंग’ की जगह बोला ‘राधे-राधे’… फिर मासूम बच्ची के साथ जो हुआ, उससे मचा हड़कंप
आबकारी विभाग पर उठ रहे सवाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों और लाइसेंसधारी शराब ठेकेदारों में भारी गुस्सा है. सबका सीधा निशाना आबकारी विभाग की लापरवाही पर है. सूत्रों के मुताबिक, इस हादसे से महज चार दिन पहले ही आबकारी विभाग की एक बैठक में ठेकेदारों ने क्षेत्र में धड़ल्ले से चल रहे अवैध शराब के कारोबार और ‘बांबे व्हिस्की’ के नाम पर बिक रही नकली शराब को लेकर कड़ी आपत्ति जताई थी और अधिकारियों को लिखित शिकायत भी दी थी.
अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि जब अवैध शराब और नकली माल बिकने की शिकायतें पहले से ही विभाग के पास दर्ज थीं, तो समय रहते सख्त कदम क्यों नहीं उठाए गए? अगर प्रशासन और आबकारी अमला थोड़ा भी सतर्क रहता, तो शायद इन 9 बेकसूर लोगों की जान बचाई जा सकती थी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





