Bharat Express DD Free Dish

Gurugram Firing: गुरुग्राम सेक्टर 45 में एमएनआर बिल्डमार्क ऑफिस पर 25-30 राउंड फायरिंग, पुलिस ने शुरू की जांच

गुरुग्राम सेक्टर 45 में एमएनआर बिल्डमार्क ऑफिस पर गुरुवार रात बदमाशों ने 25-30 राउंड फायरिंग की. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. यह मामला रंगदारी से जुड़ा होने की संभावना जताई जा रही है.

Gurugram News, MNR Buildmark, firing

Gurugram Firing: गुरुग्राम के सेक्टर 45 में गुरुवार रात को एक डरावनी घटना सामने आई. प्रॉपर्टी डीलिंग कंपनी MNR Buildmark के ऑफिस पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की. स्थानीय लोगों के मुताबिक, बदमाशों ने लगभग 25 से 30 राउंड गोलीबारी की, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई. घटना के बाद इलाके में सन्नाटा छा गया और लोगों ने अपने घरों की खिड़कियां बंद कर लीं.

मौके पर पुलिस और जांच की शुरुआत

गोलीबारी की सूचना मिलते ही थाना पुलिस, क्राइम टीम और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने घटना स्थल का मुआयना किया और जांच शुरू कर दी. फायरिंग के निशान ऑफिस के कांच और पार्क की गई लक्ज़री गाड़ियों बीएमडब्ल्यू और जगुआर पर देखे गए. इस घटना के बाद कंपनी के बिल्डर और स्टाफ ने मीडिया से बातचीत करने से इनकार कर दिया और चुप्पी साध ली.

MNR बिल्डमार्क का मामला

एमएनआर बिल्डमार्क के ऑफिस में करीब 11 बिल्डर जुड़े हैं, जो गुरुग्राम और दिल्ली एनसीआर के नामी-गिरामी प्रोजेक्ट्स की खरीद-फरोख्त करते हैं. पुलिस के सूत्रों का कहना है कि यह गोलीबारी विदेश में बैठे कुछ गैंगस्टर के इशारे पर की गई है. शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि यह रंगदारी से जुड़ा मामला हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.

ये भी पढ़ें- Weather Update: दिल्ली-NCR में उमस और गर्मी का दौर, पहाड़ों में भारी बारिश और बादल फटने की चेतावनी

गुरुग्राम में पहले भी हुई फायरिंग

गुरुग्राम में इससे पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं. कुछ समय पहले गायक राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग हुई थी और उनके करीबी रोहित शौकीन की हत्या कर दी गई थी. पिछले महीने ही राहुल के दोस्त और यूट्यूबर एलविश यादव के घर पर भी लगभग 25-30 राउंड फायरिंग की घटना हुई थी.

फायरिंग के समय पुलिस ने कुछ लोगों को गिरफ्तार किया और जांच में पता चला कि विदेश में बैठे गैंगस्टर हिमांशु भाऊ, दीपक नांदल और सुनील सरधानिया शहर में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे थे.

गुरुग्राम की साइबर सिटी में लगातार फायरिंग की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस का कहना है कि वे हर एंगल से जांच कर रहे हैं और जल्द ही दोषियों तक पहुंचने की कोशिश करेंगे.

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read