Bharat Express DD Free Dish

Weather Update: दिल्ली-NCR में उमस और गर्मी का दौर, पहाड़ों में भारी बारिश और बादल फटने की चेतावनी

दिल्ली-NCR में आज आंशिक बादल और हल्की बारिश के साथ उमस का मौसम रहेगा. उत्तराखंड और हिमाचल में भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं के चलते प्रशासन ने चेतावनी जारी की है.

Weather Update, Delhi NCR Weather, Uttarakhand Weather, IMD Alert

Weather Update: दिल्ली-NCR और कई राज्यों में इन दिनों मौसम लगातार गर्म और उमस भरा बना हुआ है. हालांकि, पहाड़ी राज्यों जैसे उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में स्थिति कुछ अलग है. यहां बारिश का कहर जारी है और बादल फटने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं. मौसम विभाग ने हाल ही में संकेत दिए हैं कि मॉनसून की वापसी का दौर शुरू हो सकता है. आम तौर पर अक्टूबर के मध्य तक, मॉनसून धीरे-धीरे पूरे देश से हट जाता है और उत्तर-पूर्वी हवाओं का बोलबाला शुरू होता है.

इस बीच, उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल, उत्तराखंड, राजस्थान, महाराष्ट्र और झारखंड जैसे कई राज्यों में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश का सिलसिला जारी है.

दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना

राजधानी दिल्ली में आज (19 सितंबर) आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. मौसम विभाग के मुताबिक, शहर में कहीं-कहीं हल्की से बहुत हल्की बारिश भी हो सकती है. सुबह के समय हवा मुख्य रूप से दक्षिण-पूर्व दिशा से चलेगी, जिसकी गति 8-12 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रहेगी. हालांकि, 21 सितंबर को दिल्ली में मौसम साफ रहेगा और लोगों को राहत मिलने की संभावना है.

उत्तर प्रदेश में गर्मी बढ़ने की संभावना

उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिन से झमाझम बारिश हुई है, जिससे मौसम सुहावना हो गया. लेकिन आने वाले दिनों में बारिश का सिलसिला लगभग थम जाएगा और प्रदेश के लोगों को फिर गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में और पूर्वी यूपी के चुनिंदा इलाकों में हल्की-फुल्की बारिश की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग ने 19 से 23 सितंबर तक प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है.

बिहार में भारी बारिश का अलर्ट जारी

बिहार के कई जिलों में पिछले तीन दिन से लगातार बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. IMD के अनुसार, 19 से 20 सितंबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है.

ये भी पढ़ें- क्यों बार-बार हिल रहा है कामचटका? 7.8 तीव्रता के भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी

उत्तराखंड में बादल फटने की चेतावनी

उत्तराखंड में मौसम का कहर अभी भी जारी है. देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, नैनीताल और बागेश्वर जिलों के लिए IMD ने भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. देहरादून में भारी बारिश के कारण स्कूलों को बंद करने का निर्णय लिया गया. वहीं चमोली जिले में बादल फटने की खबरें भी आई हैं, जिससे स्थानीय प्रशासन और लोगों में सतर्कता बढ़ गई है.

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read