Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

क्या सुपारी देकर कराई गई थी फायरिंग? ग्वालियर पड़ाव थाना कांड का पूरा सच आया सामने

Gwalior News: ग्वालियर के पड़ाव थाने के ठीक सामने नाश्ता दुकान संचालक अशोक पाल पर दो बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. घटना का लाइव CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है.

पड़ाव थाने के सामने नाश्ता व्यापारी पर फायरिंग करने वाले दोनों शूटरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर क्राइम सीन रीक्रिएट कराया.

(PC: भारत एक्सप्रेस)

Gwalior News:मनोज शर्मा/ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में बेखौफ अपराधियों ने पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए पड़ाव थाने के ठीक सामने वारदात को अंजाम दिया. नाश्ता दुकान संचालक अशोक पाल पर बाइक सवार दो शूटरों ने अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं. इस दुस्साहसिक वारदात का लाइव CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है और मौके पर ले जाकर क्राइम सीन रीक्रिएट कराया.

ग्वालियर के पड़ाव थाने के सामने नाश्ता व्यापारी पर रंजिश के चलते हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से शूटर भूरा खान और लखन जाटव को गिरफ्तार कर लिया है. मुख्य साजिशकर्ता छोटू यादव भी पुलिस की गिरफ्त में है. घटना के पीछे लड़की के भागने से जुड़ी पुरानी रंजिश बताई जा रही है, और पुलिस अब सुपारी किलिंग के एंगल समेत सभी फरार आरोपियों की धरपकड़ में जुटी है.

थाने के सामने अंधाधुंध फायरिंग और पुलिस को चकमा

सामने आए CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि चौराहे की ओर से आए दो बाइक सवार बदमाशों ने दुकान पर बैठे अशोक पाल पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और फरार हो गए. गोलियों की आवाज सुनते ही थाने के बाहर खड़ी पुलिस की FRV गाड़ी ने पीछा भी किया, लेकिन आरोपी गांधी नगर, सेवानगर होते हुए मोतीझील पहुंचे और पुलिस को चकमा देकर गायब हो गए. वहां पहुंचकर उन्होंने अपने मोबाइल बंद कर लिए थे.

शूटरों की पहचान और मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार

CCTV फुटेज और जांच के आधार पर पुलिस ने फायरिंग करने वाले दोनों शूटरों की पहचान भूरा खान और लखन जाटव के रूप में की है. दोनों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. पुलिस ने मामले के मुख्य साजिशकर्ता छोटू यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नामजद सगे भाइयों दिनेश और संदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

15 दिन पुरानी पारिवारिक रंजिश बनी वजह

घायल अशोक पाल के भाई सोनू पाल के अनुसार, करीब 15 दिन पहले यादव परिवार की एक लड़की को उनका भांजा बृजेश पाल भगाकर ले गया था. इसी रंजिश का बदला लेने के लिए यह जानलेवा हमला कराया गया. पुलिस इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि क्या यह हमला सुपारी देकर (Contract Killing) कराया गया था.

पुलिस ने कराया सीन रीक्रिएशन, अन्य आरोपियों की तलाश

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पकड़े गए शूटरों को घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम सीन दोहराया (Scene Recreation). ग्वालियर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) सुजावल जग्गा ने बताया कि मुख्य शूटरों की गिरफ्तारी हो चुकी है और घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों को भी जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.

यह भी पढ़ें-बाढ़ पीड़ितों से हमदर्दी या खाकी का रोब? छपरा में पिस्टल तानने वाले थानाध्यक्ष पर बड़ी कार्रवाई

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital